जोधपुर। राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के प्रथम चरण के मतदान के दिन जोधपुर के मंडोर क्षेत्र में दो विरोधी राजनीतिक दिग्गजों की अचानक हुई मुलाकात चर्चा का विषय बन गई है। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के सुप्रीमो और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल तथा केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता गजेंद्र सिंह शेखावत बुधवार को एक-दूसरे के आमने-सामने आ गए। राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता को किनारे रखकर दोनों नेताओं ने बेहद गर्मजोशी के साथ एक-दूसरे से मुलाकात की।
Patrika News
प्रचार के दौरान हुआ आमना-सामना
बताया जा रहा है कि केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और आरएलपी सांसद हनुमान बेनीवाल अपनी-अपनी पार्टियों के प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करने जोधपुर पहुंचे थे। इसी दौरान मंडोर क्षेत्र से गुजरते समय दोनों नेताओं के काफिले आमने-सामने हो गए।
पुरानी कड़वाहट दरकिनार, गर्मजोशी से मिले
हनुमान बेनीवाल और गजेंद्र सिंह शेखावत को प्रदेश की राजनीति में एक-दूसरे का धुर विरोधी माना जाता है। हाल ही में संसद में मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने के मुद्दे पर भी दोनों के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली थी। हालांकि, बुधवार की इस अचानक मुलाकात में दोनों ने आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे को गले लगाया।
15 सेकंड की मुलाकात का वीडियो वायरल
दोनों नेताओं के बीच यह बातचीत लगभग 15 सेकंड ही चली। इस दौरान आरएलपी की एक महिला उम्मीदवार ने केंद्रीय मंत्री शेखावत का अभिवादन कर उनका आशीर्वाद भी लिया। इस सौहार्दपूर्ण मुलाकात के वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहे हैं।
गठबंधन के दौर में मुलाकात ने खींचा ध्यान
सांसद हनुमान बेनीवाल ने हाल ही में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM के साथ निकाय चुनावों के लिए चुनावी गठबंधन किया है। ऐसे चुनावी माहौल के बीच दो विरोधी सियासी चेहरों का इस तरह मिलना सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में कौतूहल का केंद्र बना हुआ है।


