More
    Homeराजस्थानखैरथलचिकानी बस स्टैंड पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, करीब 45 किलो...

    चिकानी बस स्टैंड पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, करीब 45 किलो दूषित मिठाई मौके पर नष्ट

    खाद्य सुरक्षा जांच में तीन प्रतिष्ठानों पर पहुंची टीम, दूध-पाक और मावा मिठाई के नमूने लेकर दुकानदारों को दिए निर्देश

    किशनगढ़ बास। चिकानी बस स्टैंड क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए तीन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मौके पर पुरानी, बदबूदार और दूषित मिठाई मिलने पर उसे नष्ट कराया गया। विभाग की टीम ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।

    यह कार्रवाई जिला खैरथल-तिजारा के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट के दिशा-निर्देश में की गई। जिला नोडल अधिकारी खाद्य सुरक्षा विभाग हेमंत कुमार यादव ने बताया कि कार्रवाई संपर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के आधार पर की गई।

    तीन प्रतिष्ठानों पर पहुंची खाद्य विभाग की टीम

    खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने चिकानी बस स्टैंड स्थित मेसर्स सैनी मिष्ठान भंडार और झिलमिल मिष्ठान भंडार का निरीक्षण किया। दोनों प्रतिष्ठानों से दूध और चीनी से तैयार दूध पाक के नमूने लिए गए।

    इसके बाद टीम ने भगत जी चाट एवं मिष्ठान भंडार का निरीक्षण किया। यहां से मावा मिठाई और बर्फी का नमूना लिया गया। विभाग के अधिकारियों ने प्रतिष्ठान में खाद्य पदार्थों के रखरखाव और साफ-सफाई की स्थिति का भी जायजा लिया।

    पुरानी और बदबूदार मिठाई मौके पर कराई नष्ट

    निरीक्षण के दौरान भगत जी चाट एवं मिष्ठान भंडार पर काफी गंदगी पाए जाने की जानकारी सामने आई। विभाग के अनुसार प्रतिष्ठान पर करीब 40 किलो पुरानी एवं बदबूदार मिठाई मिली, जिसे खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर टीम ने मौके पर ही नष्ट करवाया।

    इसके अलावा अन्य प्रतिष्ठानों पर की गई कार्रवाई को मिलाकर विभाग की ओर से मौके पर करीब 45 किलो दूषित मिठाई नष्ट कराए जाने की जानकारी दी गई है।

    साफ-सफाई को लेकर दुकानदार को नोटिस

    विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठान के मालिक को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत सुधार नोटिस जारी किया। साथ ही भविष्य में प्रतिष्ठान पर साफ-सफाई बनाए रखने और स्वच्छ एवं सुरक्षित मिठाई ही बेचने के लिए पाबंद किया गया।

    खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और रखरखाव को लेकर आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए।

    मिठाई के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे

    विभाग की ओर से लिए गए दूध पाक, मावा मिठाई और बर्फी सहित अन्य नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी बबीता, मनीषा शर्मा और लैब तकनीशियन महिपाल सिंह मौजूद रहे।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here