More
    Homeराज्यपंजाबपुलिस हिरासत से आरोपी को जबरन छुड़ाया, लुधियाना में जमकर हुई हाथापाई

    पुलिस हिरासत से आरोपी को जबरन छुड़ाया, लुधियाना में जमकर हुई हाथापाई

    लुधियाना। शहर के गुरनाम नगर इलाके में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक पुराने मामले में वांछित अपराधी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने हमला बोल दिया। उग्र भीड़ ने न सिर्फ पुलिस वैन का रास्ता रोका, बल्कि धक्का-मुक्की के बीच सरकारी गाड़ी की खिड़की खोलकर पुलिस हिरासत से मुख्य आरोपी को छुड़ाकर फरार कर दिया।

    घटना छह सितंबर की है, जब थाना डिवीजन नंबर चार के एएसआई अमरीक सिंह अपनी टीम के साथ मारपीट के मामले में नामजद आरोपी शुभम उर्फ गोरू को पकड़ने विक्की हथौड़ी के मकान पर पहुंचे थे।

    छत से भाग रहे आरोपी को पुलिस ने दबोचा

    छापेमारी के दौरान परिजनों ने गोरू के घर में होने से इनकार कर दिया। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही शुभम अपने साथी गौतम और मानव के साथ छत के रास्ते पड़ोसी के मकान से होते हुए पीछे की गली में कूद गया। सतर्क पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को मौके पर ही दबोच लिया और सरकारी वैन में बैठा लिया।

    गाड़ी के आगे लगाया स्कूटर, महिला ने खुद को किया घायल

    जैसे ही पुलिस टीम आरोपियों को ले जाने लगी, विक्की हथौड़ी, उसकी दो बेटियों और दर्जनों लोगों ने सरकारी वाहन को घेर लिया। रास्ता बंद करने के लिए वैन के आगे स्कूटर खड़ा कर दिया गया। स्थिति बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। इसी बीच आरोपी शुभम की पत्नी ने पुलिस पर दबाव बनाने की नीयत से किसी धारदार चीज से अपने ही हाथ पर वार कर लिया और पुलिसकर्मियों को झूठे केस में फंसाने की धमकियां देने लगी।

    खिड़की खोलकर आरोपी को किया फरार

    हंगामे और धक्का-मुक्की के बीच भीड़ में मौजूद कुछ युवकों ने वैन की पिछली खिड़की जबरन खोल दी और शुभम को पुलिस कस्टडी से खींचकर भगा दिया। इस पूरी घटना को पुलिसकर्मियों ने अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया।

    पुलिस ने दर्ज किया केस, तलाश जारी

    थाना सलेम टाबरी पुलिस ने एएसआई की शिकायत पर विक्की हथौड़ी, उसकी दोनों बेटियों और अन्य अज्ञात हमलावरों के खिलाफ बीएनएस (BNS) की गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और फरार गोरू समेत सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here