भंडारा| महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें 9 यात्रियों की असमय मौत हो गई। मृतकों में 6 महिलाएं और 5 वर्ष से कम उम्र के 3 बच्चे शामिल हैं। यह दुर्घटना भंडारा जिले के पिंपलगांव के समीप नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-53) पर घटी, जहां यात्रियों से भरी एक बोलेरो गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक बोलेरो में 16 से 17 लोग सवार थे, जो छत्तीसगढ़ से तीज का पर्व मनाने नागपुर जा रहे थे।
टक्कर के बाद मची चीख-पुकार, 8 लोगों ने मौके पर ही तोड़ा दम
भीषण टक्कर होते ही मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने राहगीरों की सहायता से घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला। हादसे की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 8 लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, गंभीर रूप से घायल एक महिला ने इलाज के लिए नागपुर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 9 तक पहुंच गया।
एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, चालक समेत कई घायल अस्पताल में भर्ती
हादसे में जान गंवाने वालों में 4 लोग एक ही परिवार के सदस्य थे, जबकि अन्य मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। दुर्घटना में बोलेरो चालक सहित कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। चालक और 3 बच्चों का इलाज भंडारा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है, जबकि अन्य गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए नागपुर मेडिकल कॉलेज (GMC) में भर्ती कराया गया है।
तड़के 3 बजे हुआ हादसा, तीज का त्योहार मनाने नागपुर आ रहे थे पीड़ित
चिकित्सक डॉ. लक्ष्मीकांत शहारे ने घटना का ब्योरा देते हुए बताया कि यह हादसा तड़के लगभग 3 बजे मुंडिपार और पिंपलगांव के बीच हुआ। घायलों को सर्वप्रथम साकोली के अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें भंडारा और नागपुर जीएमसी रेफर किया गया। एक प्रत्यक्षदर्शी व रिश्तेदार के अनुसार, सभी लोग छत्तीसगढ़ से नागपुर तीज मनाने आ रहे थे और इस हादसे में उन्होंने अपनी भांजी सरिता वर्मा को भी खो दिया।


