जयपुर। जयपुर नगर निगम चुनाव के दौरान शहर के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं का रुझान अलग-अलग देखने को मिला। 150 वार्डों के शाम 6 बजे तक के अंतिम आंकड़ों के विधानसभा-वार विश्लेषण के अनुसार, आमेर क्षेत्र मतदान के मामले में सबसे आगे रहा, जबकि सिविल लाइंस में सबसे कम मतदान दर्ज किया गया। दोनों क्षेत्रों के मतदान प्रतिशत में लगभग 25 प्रतिशत तक का बड़ा अंतर नजर आया।
विधानसभा-वार मतदान का विस्तृत विवरण
आमेर विधानसभा क्षेत्र के तीन वार्डों में सबसे अधिक 81.41 प्रतिशत मतदान हुआ, जहाँ सभी वार्डों में वोटिंग 79 प्रतिशत से ऊपर दर्ज की गई। इसके विपरीत, सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र 56.69 प्रतिशत मतदान के साथ सबसे निचले पायदान पर रहा, जहाँ कई वार्डों में मतदान 50 प्रतिशत के आसपास या उससे भी कम रहा। अन्य प्रमुख क्षेत्रों में आदर्श नगर (69.25%), हवामहल (68.06%), किशनपोल (66.95%), झोटवाड़ा (64.26%), विद्याधर नगर (62.95%), बगरू (61.26%), सांगानेर (57.73%) और मालवीय नगर (57.44%) मतदान दर्ज किया गया।
वोटिंग पैटर्न से राजनीतिक हलचल तेज
जयपुर के कुल 150 वार्डों में कुल औसत मतदान 62.88 प्रतिशत रहा। आंकड़ों से स्पष्ट है कि आमेर जैसे इलाकों में मतदाताओं ने भारी उत्साह दिखाया, वहीं सिविल लाइंस और मालवीय नगर में अपेक्षाकृत कम सक्रियता रही। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह अलग-अलग रुझान चुनावी परिणामों पर गहरा असर डाल सकता है, जिससे दोनों प्रमुख दलों की धड़कनें तेज हो गई हैं।


