जबलपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले से एक बेहद अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो में कुछ लोग एक भारी-भरकम मगरमच्छ को स्कूटर पर लादकर नदी में छोड़ने ले जाते हुए नजर आ रहे हैं। सुरक्षा के तमाम नियमों को ताक पर रखकर किए गए इस कारनामे के बाद वन विभाग के भीतर भी हड़कंप मच गया है।
पनागर वन क्षेत्र का हैरान करने वाला मामला
यह पूरी घटना जबलपुर के पनागर वन क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, 5 सितंबर को पनागर के द्वारिका परिसर इलाके में एक विशालकाय मगरमच्छ देखा गया था, जिसके बाद वन विभाग की टीम उसकी खोजबीन में जुट गई। लगातार सात दिनों की मशक्कत के बाद 11 सितंबर को इस खतरनाक जीव को पकड़ लिया गया। यह मगरमच्छ परियट नदी से निकलकर रिहायशी इलाके तक पहुंच गया था।
स्कूटर पर मगरमच्छ का परिवहन
वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित परियट नदी में तो छोड़ दिया, लेकिन उसे ले जाने का तरीका बेहद लापरवाही भरा था। वन्यजीवों के सुरक्षित परिवहन के लिए विभाग के पास विशेष वाहन और संसाधन मौजूद होने के बावजूद, मगरमच्छ को एक दोपहिया वाहन यानी स्कूटर पर रखकर ले जाया गया। इस खतरनाक लापरवाही की औपचारिक शिकायत जबलपुर के वनमंडलाधिकारी से की गई है।
वनमंडलाधिकारी ने दिए जांच के आदेश
इस गंभीर मामले पर संज्ञान लेते हुए वनमंडलाधिकारी ने पूरे घटनाक्रम की उच्चस्तरीय जांच कराने का निर्देश दिया है। विभाग यह पता लगाने में जुट गया है कि आखिर किसके आदेश और लापरवाही के चलते रेस्क्यू किए गए संरक्षित वन्यजीव को इस तरह असुरक्षित तरीके से स्कूटर पर ले जाया गया। जांच में दोषी पाए जाने वाले कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


