More
    Homeराज्यछत्तीसगढ़मवेशियों की तस्करी का खुलासा, पुलिस ने पिकअप समेत 12.30 लाख का...

    मवेशियों की तस्करी का खुलासा, पुलिस ने पिकअप समेत 12.30 लाख का सामान किया जब्त

    गौरेला। गौरेला थाना पुलिस ने अवैध रूप से मवेशियों को बूचड़खाने ले जाने की एक बड़ी कोशिश को नाकाम करते हुए दो पिकअप वाहनों से आठ पशुओं को सकुशल बरामद किया है। पुलिस ने मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग 12 लाख 30 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है। यह पूरी कार्रवाई पकरिया स्थित फार्मटोला मुख्य मार्ग पर की गई।

    गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

    पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक आकाश बघेल देहात पेट्रोलिंग पर थे, तभी उन्हें मुखबिर से पक्की सूचना प्राप्त हुई। सूचना में बताया गया कि खोंगसरा लमनी डबरी मार्ग की ओर से दो सफेद रंग की पिकअप गाड़ियों में मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरकर अमरकंटक-करंजिया के रास्ते जबलपुर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पकरिया फार्म हाउस के पास रणनीतिक घेराबंदी की और खोंगसरा की ओर से आ रहे दोनों संदिग्ध वाहनों को रोक लिया।

    गाड़ियों में ठूंस-ठूंसकर भरे मिले आठ मवेशी, पांच आरोपी गिरफ्तार

    वाहनों की तलाशी लेने पर एक पिकअप में राजकुमार कौशिक और प्रदीप चौधरी, जबकि दूसरे वाहन में मुकेश यादव, जगदीश चौधरी और शंकरलाल सवार पाए गए। दोनों पिकअप वाहनों में चार-चार भैंस और भैंसे रस्सियों से बेहद क्रूरतापूर्वक बांधकर ठूंस-ठूंसकर भरे गए थे। पुलिस द्वारा मवेशी परिवहन के वैध दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इन पशुओं को खोंगसरा क्षेत्र से लाकर मेढ़ाखार करंजिया में एक व्यक्ति को सौंपने जा रहे थे।

    लाखों के वाहन, मोबाइल और मवेशी जब्त, मामला दर्ज

    कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 2 लाख रुपये मूल्य के आठ मवेशी, 10 लाख रुपये कीमत की दो पिकअप गाड़ियां और 30 हजार रुपये मूल्य के चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर मामले को जांच में ले लिया है। इस सफल कार्रवाई में प्रधान आरक्षक संतोष बंजारे, रामकृष्ण मिश्रा और आरक्षक कौशलेन्द्र बघेल की सराहनीय भूमिका रही।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here