More
    Homeराज्यछत्तीसगढ़गांव-गांव पहुंचा संपूर्ण नेत्र सुरक्षा अभियान, बेमेतरा के बिलई और चारभाटा में...

    गांव-गांव पहुंचा संपूर्ण नेत्र सुरक्षा अभियान, बेमेतरा के बिलई और चारभाटा में घर-घर हुआ नेत्र परीक्षण

    रायपुर : राष्ट्रीय अंधत्व निवारण कार्यक्रम के अंतर्गत बेमेतरा जिले में नागरिकों को नेत्र संबंधी बीमारियों के प्रति जागरूक करने और समय पर उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संपूर्ण नेत्र सुरक्षा अभियान संचालित किया जा रहा है। बेमेतरा विकासखंड में यह विशेष अभियान 16 नवंबर से 21 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। जिला कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक नेत्र जांच एवं उपचार की सुविधा पहुंचाई जा सके।

    बेहतर स्वास्थ्य और विश्वसनीय इलाज... सानिया हॉस्पिटल की बेहतरीन सुविधाओं की झलक

    अभियान के सफल संचालन एवं आवश्यक तैयारियों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खंडसरा में बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शरद कोहाड़े तथा जिला अंधत्व नोडल अधिकारी डॉ. अंशु अग्रवाल उपस्थित रहे। बैठक में अभियान के दौरान गांवों में व्यापक स्तर पर नेत्र परीक्षण, मरीजों की पहचान और उपचार संबंधी गतिविधियों के बेहतर क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।

    इसी कड़ी में 18 नवंबर को आयुष्मान आरोग्य मंदिर बिलई एवं इसके आश्रित ग्राम चारभाटा में विशेष नेत्र सुरक्षा अभियान चलाया गया। अभियान के तहत मितानिनों द्वारा घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों एवं परिवार के अन्य सदस्यों का सर्वे किया गया। इस दौरान नेत्र संबंधी परेशानी से पीड़ित व्यक्तियों की पहचान की गई तथा चिन्हांकित मरीजों की मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए आवश्यक जांच, चश्मे की जांच एवं उपचार की व्यवस्था की गई। साथ ही ग्रामीणों को आंखों से संबंधित विभिन्न बीमारियों, उनके लक्षणों और समय पर जांच कराने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

    धान कटाई के दौरान आंखों की सुरक्षा पर विशेष जोर

    वर्तमान में धान कटाई का कार्य चल रहा है। ऐसे में खेतों में काम करते समय धान की बाली आंखों में लगने से चोट पहुंचने की आशंका बनी रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए अभियान के दौरान ग्रामीणों को विशेष रूप से नेत्र सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। नेत्र सहायक अधिकारी श्री मुकेश कुमार टंडन ने धान कटाई एवं कृषि कार्य के दौरान आंखों को सुरक्षित रखने के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खेतों में काम करते समय सावधानी बरतना जरूरी है, ताकि धान की बाली या अन्य बाहरी वस्तुओं से आंखों को चोट न पहुंचे। आंखों में किसी प्रकार की चोट या परेशानी होने पर लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए तथा समय पर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच और उपचार कराना चाहिए।

    इस अभियान में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) श्रुति दुबे, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक दिनेश खरे तथा मितानिनों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों तक पहुंचकर न केवल नेत्र परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई, बल्कि उन्हें आंखों की नियमित देखभाल और बीमारियों से बचाव के प्रति भी जागरूक किया।

    समय पर जांच से बचाई जा सकती है आंखों की रोशनी

    मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शरद कोहाड़े ने जिले के सभी ग्रामीणों से अपील की है कि वे संपूर्ण नेत्र सुरक्षा अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि आंखें हमारे शरीर का अत्यंत महत्वपूर्ण अंग हैं। नेत्र संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज करने के बजाय समय पर जांच एवं उपचार कराना चाहिए। विशेषकर बुजुर्गों एवं धुंधला दिखाई देने की समस्या से परेशान लोगों को मोतियाबिंद सहित अन्य नेत्र रोगों की जांच अवश्य करानी चाहिए।

    उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे अपने परिवार के सभी सदस्यों की आंखों की नियमित जांच कराएं और स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

    संपूर्ण नेत्र सुरक्षा अभियान के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में नेत्र रोगों की समय रहते पहचान हो, जरूरतमंद मरीजों को उचित उपचार मिले तथा आमजन में आंखों की सुरक्षा और नियमित जांच के प्रति जागरूकता बढ़े।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here