साबरकांठा। गुजरात के साबरकांठा जिले में दौलतगढ़ गांव के समीप पैदल चल रहे श्रद्धालुओं व स्वयंसेवकों को एक अनियंत्रित चारपहिया वाहन ने टक्कर मार दी। इस दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात से आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
साबरकांठा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पार्थराजसिंह गोहिल ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि वाहन चालक एक स्थानीय निवासी है। पुलिस प्रशासन द्वारा घटना की सूचना मिलते ही राहत कार्य शुरू कर दिया गया।
चारपहिया वाहन की टक्कर से एक की मौत, कई घायल
पुलिस अधीक्षक ने घटना का ब्योरा देते हुए बताया कि हादसा दौलतगढ़ गांव के पास घटित हुआ, जहां स्थानीय निवासी भरत पटेल द्वारा संचालित वाहन ने सड़क किनारे जा रहे लोगों के समूह को जोरदार टक्कर मार दी।
एसपी गोहिल ने स्पष्ट किया कि प्रभावित लोग वहां आयोजित एक सेवा शिविर में वालंटियर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। हादसे में सात से आठ लोग चोटिल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है तथा घायलों की स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रखी जा रही है।


