मुंबई। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने त्योहारी सीजन के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। नियमों की अनदेखी करने पर प्रशासन ने दक्षिण मुंबई के बैलार्ड एस्टेट स्थित स्विगी इंस्टामार्ट के डार्क स्टोर समेत राज्यभर के कुल 10 प्रमुख खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं।
स्विगी इंस्टामार्ट के डार्क स्टोर में मिली भारी अनियमितताएं
एफडीए के अधिकारियों द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान बैलार्ड एस्टेट स्थित स्विगी इंस्टामार्ट के स्टोर में घोर लापरवाही और गंदगी सामने आई। स्टोर के सामान संभालने वाले हिस्से में एक जिंदा चूहा घूमता हुआ पाया गया, जिसने 10-10 किलो वाले चावल के कई बोरों को कुतर कर खराब कर दिया था और दूषित चावल फर्श पर बिखरा हुआ था। इसके अलावा स्टोरेज एरिया में चूहों की बीट, खाद्य सामग्री पर बड़ी संख्या में कॉकरोच, डिलीवरी गाड़ियों में जिंदा मक्खियां तथा रेफ्रिजरेशन यूनिट में मरे हुए कीड़े व भारी गंदगी पाई गई, जिसके बाद तुरंत लाइसेंस रद करने की कार्रवाई की गई।
इन बड़े प्रतिष्ठानों पर भी गिरी गाज
जांच अभियान के दौरान प्रशासन ने अन्य कई नामी दुकानों और गोदामों के लाइसेंस भी निलंबित किए हैं, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
मालाड स्थित सद्गुरु स्वीट्स एंड फरसाण मार्ट
अमेज़न के लिए संचालित होने वाला Acculogicx सप्लाई सीरीज सॉल्यूशंस का वेयरहाउस
मोहम्मद अली रोड स्थित प्रसिद्ध सुलेमान उस्मान मिठाईवाला
चेंबूर स्थित जैन स्वीट एंड भेपुरी हाउस एलएलपी
नाइस एंटरप्राइजेज
करोड़ों के मिलावटी और अस्वच्छ उत्पाद जब्त
एफडीए की इस त्योहारी छापेमारी के दौरान राज्यभर से मिलावटी, संदूषित और अस्वच्छ होने के संदेह में कुल 1.36 करोड़ रुपये मूल्य के खाद्य पदार्थ जब्त किए गए हैं। इनमें खोया, मावा, पेड़ा, घी, खाद्य तेल, बर्फी, सूखे मेवे (खुबानी और किशमिश), गुड़, मिठाइयां और अन्य डेयरी उत्पाद शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, मिराज से 6.53 लाख रुपये मूल्य का 1,868 किलोग्राम हल्दी पाउडर भी जब्त किया गया है। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।


