More
    Homeराजस्थानभीलवाड़ापीड़ित मानवता की सेवा राष्ट्र ओर राम की सेवा करने के समान...

    पीड़ित मानवता की सेवा राष्ट्र ओर राम की सेवा करने के समान -आचार्य रामदयालजी महाराज

    रक्तदान, नेत्रदान व मानव सेवा में अहम भूमिका निभाने वाली संस्थाओं का सम्मान

    भीलवाड़ा। अन्तरराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय शाहपुरा के पीठाघीश्वर जगतगुरू आचार्य स्वामी श्रीरामदयालजी महाराज के अवतरण दिवस के उपलक्ष्य में विश्व शांति कल्याण चातुर्मास के तहत शुक्रवार से तीन दिवसीय विशेष आयोजन प्रारंभ हुए। पहले दिन आचार्य रामदयाल महाराज के सानिध्य में रामस्नेही चिकित्सालय एवं रामस्नेही सम्प्रदाय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में उन संस्थाओं एवं समाजसेवियों का सम्मान किया गया जिन्होंने रक्तदान, नेत्रदान जैसे मानव सेवा के कार्यो में प्रेरक के रूप में अहम भूमिका निभाई है।

    आचार्य रामदयाल महाराज ने कहा कि पीड़ित मानवता की सेवा करना भी राष्ट्र ओर राम की सेवा करने के समान है। जो निस्वार्थ भाव से मानव सेवा का कार्य करता है वह राम की कृपा प्राप्त करता है। संसार में लेने-देने के कार्य में हर कोई लगा होता है पर जो रक्तदान, नेत्रदान जैसे कार्यो के लिए समय ओर श्रम देते है वह परमात्मा की सच्ची भक्ति ओर सेवा करते है। सेवा में जुटी ऐसी सभी संस्थाएं ओर व्यक्ति सम्मान व साधुवाद के पात्र है।

    उन्होंने परिजन की मृत्यु के बाद नेत्रदान कराने वाले परिजनों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने विषम परिस्थितियों में धैर्य बना समाज व मानवता की सेवा के लिए अनुकरणीय योगदान किया है। नेत्रदान करने वाला हमारे बीच से चला गया है पर वह अपनी आंखे किसी को देकर उसके माध्यम से दुनिया को देख रहे है।

    आचार्यश्री ने कहा कि नेत्रदान ओर अंगदान हमारे परिवार की परम्परा बन जाए ताकि मृत्यु के बाद भी हमारा शरीर ओर अंग मानव सेवा के कार्य आ सके। समारोह में भीलवाड़ा के औषधि नियंत्रण अधिकारी मनीष मीणा ने रक्तदान व नेत्रदान में सक्रिय भूमिका निभाने वाली संस्थाओं की सराहना करते हुए आग्रह किया कि रक्तदान के क्षेत्र में भीलवाड़ा का नाम देश में अग्रणी हो इसके लिए अधिकाधिक रक्तदान करने का जज्बा सभी के मन में होना चाहिए।

    रामस्नेही चिकित्सालय प्रभारी सुरेश कोगटा ने बताया कि समारोह में नेत्रदान के लिए प्रेरक की भूमिका निभाने वाली 12 संस्थाओं के प्रतिनिधियों का सम्मान किया गया। इनमें भारत विकास परिषद, लॉयन्स क्लब भीलवाड़ा की सभी शाखाएं, सर्व सिंधी समाज, महावीर नवयुवक मण्डल, तेरापंथ युवक परिषद शामिल थे।

    सर्व सिंधी समाज संस्था की प्रेरणा से अब तक 87 नेत्रदान हो चुके है। आई बैंक सोसायटी राजस्थान के प्रतिनिधि चेतनजी का भी सम्मान किया गया। रामस्नेही चिकित्सालय में अब तक 76 लोगों को नेत्र प्रत्यारोपित कर नई रोशनी प्रदान की गई है। नेत्र प्रत्यारोपण से जिनके जीवन में नई रोशनी आई उनमें से चार व्यक्तियों ने समारोह में उन परिवारों व संस्थाओं को हार्दिक धन्यवाद दिया जिनके प्रयासों से उन्हें नेत्र प्राप्त हुए ओर वह इस खूबसुरत दुनिया को देख पा रहे है।

    समारोह में एक वर्ष में नेत्रदान करने वाले 87 नेत्रदानी परिवारों एवं रक्तदान में अहम भूमिका निभाने वाले 134 संस्थाओं के प्रतिनिधियों का सम्मान किया गया। सभी को आचार्यश्री ने उपरना ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मान किया। आयोजन को सफल बनाने में आई बैंक सोसायटी भीलवाड़ा चैप्टर के पदाधिकारी राकेश पगारिया एवं उनकी टीम का भी विशेष योगदान रहा।

    आचार्य रामदयालजी महाराज का अवतरण दिवस 26 सितम्बर को सुबह 9 बजे से आनंदोत्सव के रूप में मनाया जाएगा। रामद्वारा धाम में 27 सितम्बर को विराट संत सम्मेलन का आयोजन होगा। इसी दिन दोपहर 2 बजे एक पखवाड़ा चलने वाले वाणीजी के सामूहिक पाठ का शुभारंभ होगा। वाणीजी का सामूहिक पाठ 28 सितम्बर से नियमित होगा।

    समारोह में संत प्रीतमराम एवं संत रामजस ईडर ने भजन की प्रस्तुति दी। संचालन हंसा व्यास एवं विकास उपाध्याय ने किया। प्रवचन के विश्राम पर श्रद्धालुओं द्वारा आचार्यश्री रामदयालजी महाराज की आरती की गई। समारोह में भीलवाड़ा सहित विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here