More
    Homeराजस्थानजयपुरतेज आवाज में भजन बजाने पर विवाद, जयपुर के मंदिर में पुजारी...

    तेज आवाज में भजन बजाने पर विवाद, जयपुर के मंदिर में पुजारी की पिटाई

    जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के करधनी थाना इलाके में मंदिर के अंदर घुसकर एक पुजारी के साथ मारपीट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंदिर में तेज आवाज में भजन बजाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि पड़ोसी युवकों ने पुजारी को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा। इस घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने थाने के बाहर जमकर प्रदर्शन किया।

    भजन की आवाज कम करने को लेकर हुआ विवाद

    यह पूरी घटना शुक्रवार शाम करीब 7:45 बजे निवारू रोड स्थित गणेश नगर मेन के शिव मंदिर की है। जानकारी के अनुसार, मंदिर में पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान चल रहा था और भजन बज रहे थे। इसी दौरान तेज आवाज से नाराज होकर पड़ोसी युवक मंदिर पहुंच गया और आवाज कम करने को लेकर पुजारी से बहस करने लगा। विवाद बढ़ने पर आरोपी युवक ने पुजारी रामकृष्ण को जमीन पर गिराकर उनके साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान पुजारी के कपड़े भी फट गए। बाद में वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर पुजारी को छुड़ाया। यह पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

    क्रॉस FIR दर्ज और दो आरोपी गिरफ्तार

    करधनी थाने के एसएचओ सवाई सिंह ने बताया कि पीड़ित पंडित रामकृष्ण की शिकायत पर शनिवार को मामला दर्ज किया गया। पुजारी ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि गणेश नगर मेन निवासी हरिश चतुर्वेदी, देवांश और रितु ने म्यूजिक को लेकर झगड़ा किया और भक्तों के सामने उनके साथ मारपीट की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हरिश और देवांश को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, इस मामले में आरोपी परिवार की ओर से भी थाने में क्रॉस एफआईआर (Cross FIR) दर्ज करवाई गई है।

    थाने के बाहर प्रदर्शन और ज्ञापन

    पुजारी के साथ हुई मारपीट की इस घटना से स्थानीय लोगों और परिजनों में भारी आक्रोश है। रविवार दोपहर करीब 1 बजे बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग करधनी थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने पुलिस को ज्ञापन भी सौंपा। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई करने का पूरा आश्वासन दिया है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here