उज्जैन| उज्जैन के छत्री चौक पर स्थित ऐतिहासिक शाही मस्जिद में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मस्जिद की एक ऊंची मीनार का ऊपरी हिस्सा अचानक टूटकर सीधे मस्जिद की छत पर आ गिरा, जिससे छत और भवन के कुछ हिस्सों को नुकसान पहुँचा है। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर फैली विभिन्न अफवाहों पर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए पूरी तरह विराम लगा दिया है। उज्जैन कलेक्टर रोशन सिंह ने स्थिति को पूरी तरह स्पष्ट करते हुए आमजन से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों पर विश्वास न करने की अपील की है।
कलेक्टर ने दी आधिकारिक जानकारी और किया खंडन
कलेक्टर ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि सड़क चौड़ीकरण के चल रहे कार्य के अंतर्गत छत्री चौक स्थित शाही मस्जिद का जो हिस्सा सड़क के दायरे (दायरे में आ रहा था) में आ रहा था, उसे नियमानुसार हटाने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी कार्रवाई के क्रम में इमारत के कुछ हिस्से को क्षति पहुँची है। उन्होंने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर दुर्घटना के रूप में चलाई जा रही खबरों का पूरी तरह से खंडन किया है। कलेक्टर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस पूरी कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है, न ही कोई व्यक्ति घायल हुआ है और न ही कोई मलबे में फंसा है। दुर्घटना से जुड़ी तमाम खबरें पूरी तरह से बेबुनियाद और निराधार हैं।
प्रशासन और समाज के वरिष्ठ नागरिकों में संवाद
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, इस पूरी प्रक्रिया के दौरान मौके पर मुस्लिम समाज और अन्य समुदायों के वरिष्ठ व प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे। जिला प्रशासन सभी पक्षों और धर्मजनों के साथ लगातार संवाद बनाए हुए है। आपसी सहमति और सार्थक चर्चा के बाद ही आगे की प्रशासनिक प्रक्रिया को पूरा किया जा रहा है।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
जिला प्रशासन ने उपद्रवियों और सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाने वाले तत्वों को कड़ा संदेश देते हुए चेतावनी दी है कि यदि किसी भी व्यक्ति या समूह द्वारा अफवाह फैलाने का प्रयास किया गया, तो उसके खिलाफ कानून के तहत बेहद कठोरतम दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौके पर और पूरे उज्जैन शहर में स्थिति पूरी तरह से सामान्य और नियंत्रण में है। शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल और प्रशासनिक अमला पूरी तरह से मुस्तैद है।


