More
    Homeराजस्थानजयपुरट्रैफिक चालान काटने वालों पर पुलिस की नजर, आईडी किसी और को...

    ट्रैफिक चालान काटने वालों पर पुलिस की नजर, आईडी किसी और को दी तो होगी कार्रवाई

    जयपुर: यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालान काटने की प्रक्रिया को लेकर जयपुर पुलिस कमिश्नरेट ने बेहद सख्त कदम उठाए हैं। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि चालान बनाने के लिए अधिकृत अधिकारी अब अपनी यूजर आईडी किसी भी अन्य व्यक्ति को नहीं सौंप सकेंगे। इस आदेश की अवहेलना करने वाले संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

    कांस्टेबल को आईडी देने की मिल रही थीं शिकायतें

    पुलिस कमिश्नरेट की ओर से 1 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश (क्रमांक 342) में कहा गया है कि विभिन्न थानों और यातायात शाखा में यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालान की कार्रवाई के लिए हेड कांस्टेबल और उससे ऊपर के अधिकारियों को ही अधिकृत किया गया है।

    हालांकि, पुलिस के संज्ञान में यह बात आई थी कि कुछ अधिकृत अधिकारी अपनी चालान यूजर आईडी मातहत कांस्टेबलों को उपलब्ध करा रहे हैं, जिसके बाद उस आईडी का इस्तेमाल चालान काटने के लिए किया जा रहा है। कमिश्नरेट ने इस व्यवस्था को पूरी तरह नियमों के विपरीत बताया है। अब चालान के लिए जारी होने वाली यूजर आईडी की पूरी और सीधी जिम्मेदारी संबंधित अधिकृत अधिकारी की ही होगी।

    सभी प्रमुख अधिकारियों को भेजा गया आदेश

    इस कड़े निर्देश की प्रतियां विशेष पुलिस आयुक्त (ऑपरेशन्स), सभी अतिरिक्त पुलिस आयुक्तों, पुलिस उपायुक्तों (DCP), अतिरिक्त पुलिस उपायुक्तों (ADCP) और सहायक पुलिस आयुक्तों (ACP) को भेज दी गई हैं। इसके अलावा राजधानी के सभी थाना प्रभारियों, यातायात निरीक्षकों और रिजर्व पुलिस लाइन के निरीक्षक को भी इस आदेश से अवगत करा दिया गया है।

    नेतृत्व परिवर्तन के बाद उठाया गया कदम

    उल्लेखनीय है कि हाल ही में जयपुर यातायात पुलिस की कमान में भी बदलाव किया गया है। दो दिन पहले हुए आईपीएस अधिकारियों के तबादलों के तहत प्रवीण नाइक नुनावत को जयपुर यातायात की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके तुरंत बाद चालान प्रक्रिया में यूजर आईडी के दुरुपयोग को रोकने के लिए कमिश्नरेट ने यह स्पष्ट और सख्त निर्देश जारी किए हैं।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here