नगर निगम से प्रमाण पत्र जारी करने की मांग, करीब 900 कर्मचारियों के प्रभावित होने का दावा; गुरुवार से हड़ताल की चेतावनी
अलवर। नगर निगम में सफाई कर्मचारी भर्ती के लिए अनुभव प्रमाण पत्र जारी नहीं होने का मामला अब तूल पकड़ता नजर आ रहा है। नगर निगम सफाई कर्मचारियों की ओर से महापौर को दिए गए 48 घंटे के अल्टीमेटम की अवधि पूरी होने के बाद मंगलवार को कर्मचारियों ने एक बार फिर नगर निगम कार्यालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष सफाई कर्मचारी शामिल हुए। कर्मचारियों ने नगर निगम प्रशासन से जल्द से जल्द अनुभव प्रमाण पत्र जारी करने की मांग की।
करीब 900 कर्मचारियों के प्रभावित होने का दावा
सफाई कर्मचारी नेताओं का दावा है कि अनुभव प्रमाण पत्र जारी नहीं होने के कारण करीब 900 कर्मचारी प्रभावित हो रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि नजदीक होने के कारण उनके सामने समय का संकट खड़ा हो गया है।
कर्मचारियों के अनुसार यदि निर्धारित समय में अनुभव प्रमाण पत्र जारी नहीं हुए तो कई कर्मचारी भर्ती प्रक्रिया में आवेदन करने से वंचित हो सकते हैं। इसी को लेकर कर्मचारियों ने नगर निगम प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की है।
आवेदन से वंचित होने पर जिम्मेदारी तय करने की मांग
धरने पर बैठे कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते अनुभव प्रमाण पत्र जारी नहीं किए गए और किसी कर्मचारी का भर्ती के लिए आवेदन नहीं हो पाया तो इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।
कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने पहले भी अपनी मांग को लेकर नगर निगम प्रशासन और महापौर के समक्ष मामला रखा था। 48 घंटे का समय दिए जाने के बावजूद प्रमाण पत्र जारी नहीं होने पर कर्मचारियों ने दोबारा धरना शुरू किया है।
गुरुवार से हड़ताल की चेतावनी
सफाई कर्मचारी नेता राजेश सारसर ने कहा कि कर्मचारी बुधवार तक इंतजार करेंगे। यदि इस दौरान अनुभव प्रमाण पत्र जारी नहीं किए गए तो गुरुवार से सफाई कर्मचारी हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे।
कर्मचारियों ने कहा कि हड़ताल की स्थिति में अलवर शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होगी। अब नगर निगम प्रशासन की ओर से इस मामले में क्या कदम उठाया जाता है, इस पर कर्मचारियों की नजर है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


