राजर्षि अभय समाज संस्था ने विधिवत पूजन के साथ शुरू की तैयारियां, अखंड रामायण पाठ का भी हुआ शुभारंभ
अलवर। श्री राजर्षि अभय समाज संस्था की ओर से श्रीरामलीला एवं महाराजा भर्तृहरि नाटक के मंचन को निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए बुधवार को प्रथम पूज्य भगवान गणपति महाराज को विधिवत निमंत्रण दिया गया। संस्था के संरक्षक, पदाधिकारी, सदस्य, कलाकार और स्वयंसेवक सुबह बैंड-बाजे के साथ लाल दरवाजा स्थित भगवान गणेश मंदिर पहुंचे।
गणपति पूजन के साथ शुरू हुआ आयोजन
सुबह 7:15 बजे संस्था के महानिदेशक मनोज गोयल और श्रीरामलीला के स्वरूपों ने भगवान गणपति महाराज का पूजन एवं वंदन किया। इसके बाद गणेश मंदिर से ज्योति लेकर संस्था के रंगमंच पर स्थापित की गई।
गणेश पूजन के बाद संस्था के रंगमंच पर पहुंचकर रंगमंच और मंच पर लगाए गए दृश्यपट का पूजन किया गया। इस दौरान महानिदेशक मनोज गोयल ने दृश्यपट पर अंकित श्रीराम दरबार का विधिवत पूजन एवं वंदन किया।
अखंड रामायण पाठ का हुआ शुभारंभ
पूजन कार्यक्रम के बाद संस्था के श्री भर्तृहरि धाम मंदिर में 24 घंटे के अखंड रामायण पाठ का शुभारंभ किया गया। यह पाठ 8 अक्टूबर को पूर्ण होगा। संस्था की ओर से श्रीरामलीला और महाराजा भर्तृहरि नाटक के मंचन को लेकर धार्मिक विधि-विधान के साथ तैयारियां शुरू की गई हैं।
आरती और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम संपन्न
कार्यक्रम के अंत में मंदिर में प्राण प्रतिष्ठित सभी विग्रहों की आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं और उपस्थित सदस्यों को प्रसाद वितरित किया गया। संस्था के पदाधिकारियों ने आयोजन को सफल और निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए भगवान गणपति महाराज से प्रार्थना की।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


