More
    Homeराजस्थानअलवरअलवर में विकसित भारत संकल्प सभा के बाद निकली सेवा ज्योति यात्रा,...

    अलवर में विकसित भारत संकल्प सभा के बाद निकली सेवा ज्योति यात्रा, संजय शर्मा ने दिया जनभागीदारी का संदेश

    नेहरू गार्डन में आयोजित सभा में प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का वर्चुअल संबोधन, आरआर कॉलेज सर्किल तक पहुंची यात्रा

    अलवर। वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को नेहरू गार्डन में विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के संबोधन का वर्चुअल माध्यम से प्रसारण किया गया। जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं, युवाओं, महिलाओं और आमजन ने कार्यक्रम में भाग लिया। देशभर में 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए गए।

    विकसित भारत के संकल्प में जनभागीदारी का आह्वान

    वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री संजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा ने राजनीति को जनसेवा और जनविश्वास को राष्ट्रनिर्माण की शक्ति बनाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानसेवक तक प्रधानमंत्री मोदी का सार्वजनिक जीवन राष्ट्रसेवा के संकल्प को समर्पित रहा है।

    संजय शर्मा ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से साकार होने वाला राष्ट्रव्यापी अभियान है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है।

    युवाओं, महिलाओं और किसानों की भूमिका महत्वपूर्ण

    उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन और विकास के मूल मंत्र के साथ प्रदेश में जनहित के कार्यों को गति दी जा रही है। विकसित भारत के निर्माण में युवाओं, महिलाओं, किसानों, श्रमिकों और समाज के प्रत्येक वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है।

    राज्यमंत्री ने उपस्थित लोगों से राष्ट्र निर्माण के अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए सरकार के साथ जनभागीदारी को भी मजबूत करना जरूरी है।

    आरआर कॉलेज सर्किल तक निकली सेवा ज्योति यात्रा

    कार्यक्रम के बाद नेहरू गार्डन से आरआर कॉलेज सर्किल तक सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। यात्रा के माध्यम से सेवा, समर्पण, राष्ट्रभक्ति और जनकल्याण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

    यात्रा में शामिल लोगों ने विकसित भारत के निर्माण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की। देशभर में आयोजित सेवा ज्योति यात्राओं का उद्देश्य भी विकास, जनकल्याण और सामाजिक समरसता से जुड़े संदेशों को आमजन तक पहुंचाना रहा।

    जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

    कार्यक्रम में रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह, पद्मश्री प्राप्त भपंग वादक गफूरुद्दीन मेवाती, जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, नगर निगम महापौर सुमनलता अग्रवाल, केंद्रीय सहकारी बैंक एवं क्रय-विक्रय समिति अध्यक्ष संजय नरूका, सरस डेयरी अध्यक्ष नितिन सांगवान, पूर्व विधायक जयराम जाटव, उप महापौर अजय पुनिया सहित कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे।

    इसके अलावा पंडित धर्मवीर शर्मा, बन्नाराम मीणा, घनश्याम गुर्जर, अजय अग्रवाल, ऋषिराज शर्मा, सतीश यादव, पंडित जले सिंह, लक्ष्मी नारायण गुप्ता और देशराज खरेरा सहित पार्षद, युवा, महिलाएं और बड़ी संख्या में आमजन कार्यक्रम में शामिल हुए।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here