जयपुर। राजस्थान की राजनीति और आगामी पंचायत चुनावों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अब पूरी तरह से कड़ा रुख अपनाना शुरू कर दिया है। नगरीय निकाय चुनाव के दौरान पार्टी लाइन के खिलाफ जाकर काम करने वाले नेताओं, पार्षदों और कार्यकर्ताओं पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी तेज कर दी गई है। इसी कड़ी में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी की अध्यक्षता में गठित विशेष जांच कमेटी शुक्रवार को एक अहम बैठक करने जा रही है।
100 से अधिक शिकायतों पर हो रही है गंभीर मंथन
पार्टी की इस उच्चाधिकार प्राप्त कमेटी को भीलवाड़ा, पाली, धौलपुर, भरतपुर, बीकानेर और कोटा सहित प्रदेश के कई अन्य शहरों से महापौर व उपमहापौर के चुनावों के दौरान हुई कथित क्रॉस वोटिंग, पार्टी समर्थित उम्मीदवारों के नाम वापस लेने के मामलों और पार्टी अनुशासन के खिलाफ जाकर काम करने की 100 से अधिक लिखित शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इन सभी मामलों की तथ्यात्मक जांच पूरी करने के लिए प्रदेश कांग्रेस ने गत 2 अक्टूबर को सात दिन की समय-सीमा तय की थी, जो आज पूरी हो रही है। गंभीर मामलों में आरोपी नेताओं और शिकायतकर्ताओं को अपना पक्ष रखने के लिए भी बुलाया गया है।
विश्वेन्द्र सिंह के नोटिस पर भी आज होगा निर्णय
पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री विश्वेन्द्र सिंह द्वारा प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और पार्टी लाइन के खिलाफ दिए गए बयानों के मामले में दिए गए कारण बताओ (शो कॉज) नोटिस की सात दिन की अवधि भी आज समाप्त हो रही है। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस की अनुशासन समिति उनके द्वारा दिए गए जवाब का अध्ययन कर आगामी अनुशासनात्मक कार्रवाई पर बड़ा निर्णय ले सकती है।
पंचायत चुनाव के लिए 20 सदस्यीय कैंपेन कमेटी का गठन
एक तरफ जहां पार्टी भीतर अनुशासनहीनता पर सख्त कार्रवाई की तैयारी में है, वहीं दूसरी तरफ आगामी पंचायत चुनावों के मद्देनजर चुनावी तैयारियों को धार देने के लिए कांग्रेस ने कमर कस ली है। प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा के निर्देश पर 20 सदस्यीय विशेष कैंपेन कमेटी का गठन कर दिया गया है।
इस महत्वपूर्ण अभियान समिति में प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट सहित पार्टी के तमाम दिग्गज और वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है। इसके अलावा सीपी जोशी, हरीश चौधरी, प्रमोद जैन भाया, उदयलाल आंजना, ममता भूपेश और प्रताप सिंह खाचरियावास जैसे प्रमुख चेहरों को भी अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह कमेटी पंचायत चुनावों में पार्टी के प्रचार अभियान, चुनावी रणनीतियों और गतिविधियों के प्रभावी संचालन की कमान संभालेगी।


