More
    Homeधर्म-समाजहनुमान जी के मंगलवार और शनिवार का रहस्य, जानिए किस दिन पूजा...

    हनुमान जी के मंगलवार और शनिवार का रहस्य, जानिए किस दिन पूजा करने से मिलता है कौन-सा फल?

    भगवान हनुमान को कलयुग का जागृत देवता माना जाता है. उनकी पूजा विशेष रूप से मंगलवार और शनिवार को की जाती है. देशभर के हनुमान मंदिरों में इन दोनों दिनों भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिलती है. हालांकि बहुत से लोगों के मन में यह सवाल होता है कि आखिर हनुमान जी की पूजा के लिए मंगलवार और शनिवार दोनों दिन क्यों महत्वपूर्ण हैं और इन दोनों दिनों की महत्ता में क्या अंतर है, और दोनों दिनों में से कौनसा दिन पूजा के लिये ज्यादा बेहतर है?
    मंगलवार का महत्व

    मंगलवार को भगवान हनुमान का प्रमुख दिन माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार हनुमान जी का जन्म मंगलवार के दिन हुआ था, इसलिए यह दिन उनकी विशेष पूजा-अर्चना के लिए समर्पित माना जाता है.
    मंगलवार को हनुमान चालीसा, सुंदरकांड और बजरंग बाण का पाठ करने से साहस, आत्मविश्वास और ऊर्जा में बृद्धि होती है. ऐसा माना जाता है कि इस दिन हनुमान जी की पूजा करने से भय, शत्रु बाधा और नकारात्मक विचारों से भी मुक्ति मिलती है. जो लोग जीवन में संघर्षों का सामना कर रहे हैं, वे मंगलवार का व्रत रखकर हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त करने का प्रयास भी करते हैं.

    शनिवार का संबंध भगवान शनि देव से माना जाता है, लेकिन हनुमान जी की पूजा भी इस दिन विशेष फलदायी मानी जाती है. इसके पीछे एक प्रसिद्ध कथा है. मान्यता है कि हनुमान जी ने शनि देव को कष्टों से मुक्ति दिलाई थी. प्रसन्न होकर शनि देव ने वरदान दिया कि जो भक्त हनुमान जी की पूजा करेगा, उसे शनि के अशुभ प्रभावों से राहत मिलेगी.

    इसी कारण शनिवार को हनुमान मंदिरों में सरसों के तेल का दीपक जलाने, सिंदूर चढ़ाने और हनुमान चालीसा का पाठ करने की परंपरा है. विशेष रूप से जिन लोगों की कुंडली में शनि से संबंधित समस्याएं मानी जाती हैं, वे शनिवार को हनुमान जी की आराधना करते हैं.
    मंगलवार और शनिवार में क्या अंतर है?
    मंगलवार को हनुमान जी की पूजा मुख्य रूप से शक्ति, साहस, सफलता और मंगल कार्यों की सिद्धि के लिए की जाती है. वहीं शनिवार को पूजा का उद्देश्य शनि दोष, बाधाओं और जीवन की परेशानियों से राहत प्राप्त करना माना जाता है.
    दूसरे शब्दों में कहें तो मंगलवार सकारात्मक ऊर्जा और पराक्रम का प्रतीक माना जाता है, जबकि शनिवार रक्षा, कष्ट निवारण और शनि संबंधी चिंताओं से मुक्ति के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है.
    पूजा के दौरान रखें ध्यान
    हनुमान जी को सिंदूर और चमेली का तेल अर्पित करें.
    हनुमान चालीसा या सुंदरकांड का पाठ करें.
    सात्विक भोजन ग्रहण करें और संयम रखें.
    जरूरतमंद लोगों की सहायता करें और दान-पुण्य करें.

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here