नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने प्रशासनिक ढांचे में बड़ा फेरबदल करते हुए संयुक्त सचिव और इसके समकक्ष स्तर के 27 अधिकारियों की नई पोस्टिंग को मंजूरी दे दी है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) द्वारा ली गई इस मंजूरी से संबंधित आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है। इस पुनर्गठन सूची में भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 13 अधिकारियों के अलावा अन्य केंद्रीय सेवाओं के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं।
प्रमुख विभागों में अधिकारियों की नियुक्ति
नवीनतम फेरबदल के तहत त्रिपुरा कैडर के आईएएस अधिकारी बृजेश पांडे को पूंजी विकास विभाग (Department of Capital Development) का संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है, जहाँ वे आगामी 5 वर्षों तक इस पद का दायित्व संभालेंगे। इसके अलावा, मध्य प्रदेश कैडर की आईएएस अधिकारी तन्वी सुंदरियाल को कॉर्पोरेट कार्य मंत्रालय (Department of Corporate Affairs) के संयुक्त सचिव पद की कमान सौंपी गई है, जहाँ वे अगस्त 2030 तक अपनी सेवाएं देंगी। इससे पहले यह पद राहुल जैन संभाल रहे थे। वहीं, संस्कृति मंत्रालय के संयुक्त सचिव पद पर इंद्रजीत सिंह की तैनाती की गई है।
गृह और शहरी विकास मंत्रालय में नई जिम्मेदारियां
शहरी विकास विभाग में उत्तर प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी मनीष त्रिघाटिया को संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही गृह मंत्रालय (Ministry of Home Affairs) में संयुक्त सचिव के पदों पर आईएएस अधिकारी रवि शंकर, आईआरएस अधिकारी चितरंजन दास, आईएसएस अधिकारी पी मनोज कुमार और आईएएस अधिकारी अभिषेक भागोतिया की नई नियुक्तियां की गई हैं।
इन्हें बनाया गया उप चुनाव आयुक्त
राजस्थान कैडर और बैच 2010 के आईएएस अधिकारी प्रकाश राजपुरोहित को उपचुनाव आयुक्त, ECI पद पर नियुक्त किया गया है। उनका कार्यकाल 5 साल का होगा पहले इस पद की जिम्मेदारी संजय कुमार संभाल रहे थे।
इन आईएएस अफसरों को भी नया पदभार मिला
पश्चिम बंगाल कैडर के आईएएस अधिकारी सी. मरुगन को सड़क परिवहन और राजमार्ग के संयुक्त सचिव पद पर नियुक्त किया गया है। बिहार कैडर के आईएएस अधिकारी रामचंदरुडु को अल्पसंख्यक मामले के मंत्रालय पद पर नियुक्त किया गया है। मोर आशीष माधवराव को नेशनल हेल्थ अथॉरिटी (JS लेवल) अतिरिक्त सीईओ पद पर नियुक्त किया गया है। इस पद पर पहले आईएएस अधिकारी मधु रानी तेवतिया कार्यरत थी। वर्णाली डेका (AM: 2009) नेशनल हेल्थ अथॉरिटी के ज्वाइंट सेक्रेटरी पद पर नियुक्त किया गया है।
यहाँ देखें तबादला और सूची का आदेश





