हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के रायदुर्गम इलाके में चालीस वर्षीय महिला से यौन उत्पीड़न के मामले में दोषी करार दिए गए जिम ट्रेनर को शुक्रवार को न्यायालय ने बीस वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है।
यह फैसला रंगारेड्डी जिले के तेरहवें अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने दिया। यह निर्णय गचीबोवली की एक आलीशान गेटेड कम्युनिटी में हुई इस घटना के नौ वर्ष बाद सामने आया है।
लगातार दो वर्षों तक चलता रहा उत्पीड़न
मेहदीपट्टनम निवासी उनचालीस वर्षीय दोषी गचीबोवली की एक महंगी गेटेड कम्युनिटी के जिम में ट्रेनर के पद पर कार्यरत था। पीड़िता ने शिकायत में बताया था कि आरोपित ने महिला वॉशरूम के भीतर उसके साथ यौन उत्पीड़न किया था।
आरोपित ने जनवरी 2015 से फरवरी 2017 के दौरान महिला को बार-बार प्रताड़ित किया। रायदुर्गम पुलिस के मुताबिक, दोषी ने कई मर्तबा पीड़िता के अपार्टमेंट में जबरन प्रवेश किया, उसका यौन शोषण किया और उसे धमकाया भी।


