मुंबई। मुंबई के प्रसिद्ध लोकमान्य तिलक नगर अस्पताल (सायन अस्पताल) में एक रेजिडेंट डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान शिवचरण आप्पा पाटील के रूप में हुई है। उनका शव अस्पताल के हॉस्टल स्थित कमरे के बाथरूम में मिला। इस घटना से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के अनुसार, शिवचरण पाटील अस्पताल में सर्जरी विभाग में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष के विद्यार्थी थे। शुरुआती जानकारी में आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत एनेस्थीसिया की अधिक मात्रा लेने के कारण हुई हो सकती है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मौत के कारणों और घटनाक्रम से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है।मुंबई के चिकित्सा जगत में इस घटना से चिंता का माहौल है। इससे पहले भी शहर के जे.जे. अस्पताल में एक डॉक्टर की आत्महत्या का मामला सामने आया था। फिलहाल, सायन अस्पताल के इस मामले में पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
मुंबई के अस्पताल में रेजिडेंट डॉक्टर की संदिग्ध मौत, हॉस्टल के बाथरूम में मिला शव


