नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को ‘इंडिया’ ब्लॉक (INDIA bloc) के सांसदों, नागरिक समाज के सदस्यों और विभिन्न छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों को अपने आवास पर चाय पर आमंत्रित किया है। इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन नई दिल्ली स्थित उनके 5, सुनहरी बाग रोड आवास पर किया जाएगा। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस बैठक से पहले मंगलवार दोपहर को विपक्षी गठबंधन के प्रमुख नेताओं द्वारा एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की जाएगी।
'लोकतंत्र बचाओ मार्च' और सुप्रीम कोर्ट में याचिका
यह पूरा राजनीतिक घटनाक्रम चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों और मतदाता सूची में अनिमितताओं के खिलाफ किए जा रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच सामने आया है। इससे पहले सोमवार को विपक्षी दलों के शीर्ष नेताओं ने कार्यकर्ताओं और नागरिक सदस्यों के साथ मिलकर भारी सुरक्षा प्रबंधों और बैरिकेड्स के बीच 'लोकतंत्र बचाओ मार्च' निकाला था। इस दौरान विपक्षी नेताओं ने चुनाव आयोग (ECI) की कार्यप्रणाली के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख किया और एक संयुक्त याचिका दाखिल की।
11 बड़े नेताओं की ओर से संयुक्त याचिका
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत 'इंडिया' गठबंधन के 11 दिग्गज नेताओं ने यह संयुक्त याचिका सुप्रीम कोर्ट में दायर की है। याचिकाकर्ताओं में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के अलावा सौगत रॉय, अखिलेश यादव, तेजस्वी प्रसाद यादव, संजय राउत, एमए बेबी, डी राजा, महुआ माजी, सुप्रिया सुले और ईटी मोहम्मद बशीर शामिल हैं। इस कानूनी लड़ाई में विपक्षी दलों की ओर से वरिष्ठ वकील पैरवी कर रहे हैं, जिसमें निर्वाचन आयोग के शीर्ष अधिकारियों को प्रतिवादी बनाया गया है। याचिका में मुख्य रूप से चुनावी सुधारों, मतदाता सूचियों से नाम हटाने की प्रक्रिया और पूरी प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई है।


