चेयरमैन विश्वास यादव ने अपने ही वार्ड से शुरू कराया अभियान, मोठूका चौक से तोप सर्किल तक कार्रवाई से मची अफरा-तफरी
किशनगढ़बास। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर पालिका ने गुरुवार को सख्त कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे बने पक्के चबूतरों और दुकानों के अवैध हिस्सों को ध्वस्त कर दिया। नगर पालिका अध्यक्ष विश्वास यादव ने पदभार संभालने के कुछ ही दिनों बाद अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत अपने ही वार्ड से कराई। सुबह करीब 11 बजे मोठूका चौक से शुरू हुई कार्रवाई शाम तक जारी रही। जेसीबी से पक्के निर्माण तोड़े जाने के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
नगर पालिका की टीम ने मोठूका चौक से बस स्टैंड के सामने मुख्य मार्ग तक दुकानों के आगे सड़क पर किए गए अतिक्रमण हटाए। कार्रवाई के दौरान दुकानों के आगे बने 10 से 15 फीट तक के पक्के चबूतरों को जेसीबी से ढहाया गया। कई स्थानों पर सड़क की ओर बढ़ाकर बनाए गए दुकानों के 5 से 10 फीट तक के पक्के हिस्से भी तोड़े गए। इससे सड़क पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर शहर में हलचल मच गई।
अध्यक्ष और ईओ पूरे दिन मौके पर रहे मौजूद
कार्रवाई के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष विश्वास यादव, अधिशासी अधिकारी पूजा शर्मा और पालिका की टीम मौके पर मौजूद रही। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए तहसीलदार तथा पुलिस जाप्ता भी तैनात रहा। सुबह शुरू हुई कार्रवाई शाम करीब 5 बजे तक लगातार चली।
नगर पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी ने स्पष्ट किया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। सड़क पर अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मुनादी के 24 घंटे में कार्रवाई
दीपावली से पहले शहर में सफाई और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के उद्देश्य से नगर पालिका ने बुधवार को रिक्शे के जरिए पूरे शहर में मुनादी कराई थी। इसमें अतिक्रमण करने वालों को अपना सामान और अवैध निर्माण स्वयं हटाने की चेतावनी दी गई थी। इसके करीब 24 घंटे के भीतर ही पालिका की टीम कार्रवाई के लिए सड़कों पर उतर गई।
तोप सर्किल से कोर्ट गेट तक भी हलचल
मोठूका चौक से मोठूका रोड तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद शाम करीब 6 बजे नगर पालिका की टीम तोप सर्किल पहुंची। यहां से कोर्ट गेट तक सड़क के दोनों किनारों पर लगे लकड़ी के खोखों और ठेलों के संचालकों में अफरा-तफरी मच गई। पालिका की चेतावनी के बाद कई खोखा संचालकों ने खुद ही अपना सामान और खोखे हटाने शुरू कर दिए।
तोप सर्किल से कोर्ट गेट तक का क्षेत्र शहर के व्यस्ततम इलाकों में शामिल है। यहां सरकारी विद्यालय की दीवार से लेकर पंचायत समिति और जिला न्यायालय के प्रवेश द्वार तक सड़क के दोनों ओर लकड़ी के खोखे और ठेले लगे हुए हैं। इनके कारण दिनभर यातायात प्रभावित होने और जाम की स्थिति बनने से आमजन, स्कूली बच्चों तथा न्यायालय आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
नगर पालिका की इस कार्रवाई को मुख्य मार्गों पर यातायात सुचारू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब अभियान के आगे भी जारी रहने से शहरवासियों को अतिक्रमण और जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, अभियान की प्रभावशीलता इस बात पर निर्भर करेगी कि कार्रवाई के बाद दोबारा अतिक्रमण न हो और सड़क किनारे यातायात व्यवस्था बनी रहे।


