351 से अधिक कन्याओं के चरण पखारकर किया पूजन, प्रश्नोत्तरी में विजेताओं को दिए पारितोषिक
अलवर। सेवा भारती समिति अलवर द्वारा नवरात्र के पावन अवसर पर राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, शिवाजी पार्क, अलवर में भव्य कन्या पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम डॉ. के.के. गुप्ता, विभाग संघचालक, अक्षय कुमार, विभाग प्रचारक, डॉ. सरोज रावत, विशेष सहयोगी एवं व्यवसायी अमित खंडेलवाल तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य महेश भारद्वाज के सान्निध्य में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में सेवा भारती के विभिन्न प्रकल्पों से जुड़ी 351 से अधिक कन्याओं के चरण पखारकर विधिवत पूजन किया गया। सभी कन्याओं को भोजन प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को पारितोषिक प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अक्षय कुमार, विभाग प्रचारक ने अपने उद्बोधन में वर्तमान समय में संस्कारों के महत्व को प्रतिपादित करते हुए नवरात्र में कन्या पूजन की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनका सम्मान करने की गौरवशाली परंपरा रही है। बच्चों में अच्छे संस्कारों का विकास तथा समाज में सेवा, समर्पण और नैतिक मूल्यों को प्रोत्साहित करना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में नारी शक्ति अन्नपूर्णा समूह संस्थान की प्रतिनिधि श्रीमती सरोज मीणा, सेवानिवृत्त अधीक्षण अभियंता नरेंद्र कुमार गर्ग, शिक्षाविद् श्रीमती मंजू शर्मा, अंतरराष्ट्रीय एथलीट डॉ. कमला यादव, अजय पूनिया, सतीश यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सेवा भारती समिति की ओर से जिला मंत्री राजन मल्होत्रा, कोषाध्यक्ष राजेंद्र गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष ममता त्यागी एवं अशोक आहूजा, डॉ. घनश्याम सैनी, सुरेश तनेजा, दीपक झांब, हरि नारायण मुखीजा, कमल, डॉ बीना गुप्ता, मनीष गुप्ता,श्रीमती रुचि सक्सेना, श्रीमती पायल तथा प्रकल्प कार्यकर्ता प्रभारी ताराचंद सैनी सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान किया।
सेवा भारती समिति द्वारा यह कार्यक्रम प्रतिवर्ष नवरात्र के दौरान आयोजित किया जाता है। इसका उद्देश्य भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति श्रद्धा जागृत करना, बालिकाओं के प्रति सम्मान की भावना को प्रोत्साहित करना तथा समाज में संस्कार, सेवा और समरसता के मूल्यों को सुदृढ़ करना है। कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


