जागरण में देर रात तक गूंजे माता के जयकारे, अतिथियों को फेंटा पहनाकर किया सम्मानित
नौगांवा। बीजवा ग्राम पंचायत स्थित माता मंशा देवी मंदिर में रविवार रात 54वें विशाल मेले के अवसर पर भव्य जागरण आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। माता के जयकारों और भक्ति गीतों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम का आयोजन श्री प्रजापति समाज माता मंशा देवी एवं श्री दक्ष प्रजापति मंदिर विकास समिति बीजवा के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने फीता काटकर और दुर्गा माता के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद माता की आराधना के साथ जागरण शुरू हुआ।
अतिथियों का फेंटा पहनाकर किया सम्मान
कार्यक्रम में प्रजापति समाज खैरथल-तिजारा के जिलाध्यक्ष सतपाल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ दौलतराम, उदय सिंह, भगवाना राम और थावरिया राम भी अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
आयोजक समिति की ओर से सभी अतिथियों को फेंटा पहनाकर और प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान समाज के लोगों ने अतिथियों का स्वागत किया।
भजनों पर झूमे श्रद्धालु, रातभर रहा भक्तिमय माहौल
जागरण में भजन गायकों ने माता मंशा देवी की महिमा का गुणगान करते हुए एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों के दौरान श्रद्धालु भाव-विभोर होकर माता के जयकारे लगाते रहे। देर रात तक मंदिर परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
श्रद्धालुओं ने जागरण में भाग लेकर माता का आशीर्वाद लिया। मेले में समाज के लोगों की भागीदारी ने आयोजन को धार्मिक और सामाजिक एकजुटता का स्वरूप दिया।
धार्मिक परंपरा से जुड़ा है विशाल मेला
माता मंशा देवी का 54वां विशाल मेला क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था और धार्मिक परंपरा का प्रतीक रहा। आयोजन समिति ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले श्रद्धालुओं और समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


