मेघनाथ-कुंभकरण के पुतलों के दहन और शानदार आतिशबाजी ने मोहा मन,
सभापति विक्रम सिंह चौधरी की पहल पर हुआ भव्य आयोजन
मनीष मिश्रा, खैरथल
शहर में दशहरा पर्व उत्साह, उमंग और धूमधाम के साथ मनाया गया। नगर परिषद सभापति विक्रम सिंह चौधरी की पहल पर पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित दशहरा उत्सव में 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। इस दौरान मेघनाथ और कुंभकरण के पुतलों का भी दहन हुआ। शानदार आतिशबाजी और भगवान श्रीराम, माता जानकी सहित रामदल की भव्य रथयात्रा आयोजन के प्रमुख आकर्षण रहे। उत्सव में धार्मिक आस्था के साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिली।
बुराई पर अच्छाई की जीत का दिया संदेश
दशहरा उत्सव के दौरान भगवान श्रीराम और माता जानकी की रथयात्रा श्रद्धा और आकर्षण का केंद्र रही। रथयात्रा रावण दहन स्थल पर पहुंची, जहां परंपरानुसार रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के पुतलों का दहन किया गया। पुतलों के दहन के साथ आसमान में हुई शानदार आतिशबाजी ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में दशहरा पर्व के माध्यम से बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया गया।
नगर परिषद सभापति विक्रम सिंह चौधरी ने दशहरा उत्सव को शहर की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का प्रतीक बताते हुए आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले शहरवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी धार्मिक परंपराओं को जीवंत रखने के साथ नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों से परिचित कराते हैं।
सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर रहा ध्यान
नगर परिषद आयुक्त मुकेश शर्मा ने दशहरा उत्सव को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर जोर दिया। आयोजन के दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात, सुरक्षा और आपातकालीन सुविधाओं को लेकर संबंधित विभागों के बीच समन्वय रखा गया, ताकि मेले में पहुंचने वाले लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
दशहरा उत्सव ने खैरथल में धार्मिक उत्साह और सामाजिक सौहार्द का वातावरण बनाया। रावण दहन के साथ बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश देते हुए कार्यक्रम संपन्न हुआ।


