नागपुर। उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक में हाल ही में विधान परिषद (MLC) की कुल 28 सीटों के लिए हुए चुनाव के नतीजे घोषित हो चुके हैं। शुरुआती रुझानों और देर रात तक आए परिणामों में कांग्रेस का खाता नहीं खुला था, लेकिन आखिरकार महाराष्ट्र के नागपुर में जीत दर्ज कर पार्टी ने अपनी उपस्थिति दर्ज करा दी है।
नागपुर में कांग्रेस की जीत
नागपुर विभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर हुए बेहद कड़े और दिलचस्प मुकाबले में कांग्रेस प्रत्याशी एवं निवर्तमान एमएलसी अभिजीत वंजारी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार को 3,271 मतों के अंतर से पराजित कर दिया है।
3,271 वोटों से हराया
मंगलवार सुबह शुरू हुई मतगणना की प्रक्रिया गुरुवार तड़के जाकर समाप्त हुई। अंतिम परिणाम के अनुसार, कांग्रेस प्रत्याशी अभिजीत वंजारी को कुल 67,231 वोट हासिल हुए, जबकि भाजपा के पूर्व विधायक सुधाकर कोहाले को 63,960 वोटों पर ही संतोष करना पड़ा। इस जीत के साथ ही विधान परिषद चुनावों में कांग्रेस अपना खाता खोलने में सफल रही।


