ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित ऐच्छर गांव की पंजाब नेशनल बैंक (PNB) शाखा में 35 करोड़ रुपये से अधिक के कथित घोटाले का मामला सामने आने के बाद खाताधारकों की परेशानियाँ चरम पर पहुँच गई हैं। अपने खातों में जमा गाढ़ी कमाई की स्थिति जानने के लिए लोग सुबह से ही बैंक शाखा के बाहर लंबी कतारों में लगे हुए हैं। कई खाताधारकों का आरोप है कि उन्हें बैंक प्रशासन की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है, जिससे नाराज होकर पीड़ितों ने बैंक परिसर के बाहर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
खाताधारकों में जमा पूंजी डूबने का भय
बैंक पहुंचे लोगों को सबसे बड़ी चिंता अपनी जिंदगी भर की बचत डूबने की सता रही है। कई लोगों ने बच्चों की पढ़ाई, शादी और भविष्य की अन्य जरूरतों के लिए बैंक में पैसे जमा कराए थे। सुबह से ही लोग पासबुक अपडेट कराने और खाते का बैलेंस चेक करने के लिए चक्कर काट रहे हैं। एक पीड़ित जितेंद्र ने बताया कि उनके बचत खाते में 17 लाख 26 हजार रुपये जमा थे, लेकिन अब खाते में केवल 26 हजार रुपये ही शेष बचे हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि खाते से पैसे निकलने का कोई मैसेज भी पीड़ित के मोबाइल पर नहीं आया था।
बैंक परिसर में धरना, उपजा आर्थिक व मानसिक संकट
खातों से पैसे गायब होने और संतोषजनक जवाब न मिलने के कारण मानसिक तनाव से गुजर रहे पीड़ितों ने बैंक के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। पीड़ितों का कहना है कि जमा पूंजी अटक जाने से उनके परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परेशान खाताधारकों ने जल्द से जल्द मामले की पारदर्शी जांच कराने और अपनी डूबी हुई धनराशि वापस दिलाए जाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।


