गौरीदेवी महाविद्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक दायित्वों पर हुई चर्चा
अलवर। गौरीदेवी महाविद्यालय में माय भारत युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में विकसित भारत युवा संवाद–अपना वोट जानें कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक प्रक्रिया और राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी के प्रति जागरूक करना था। महाविद्यालय की प्राचार्य सत्याभान यादव के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।

जिला युवा अधिकारी नेहा जादौन ने माय भारत की गतिविधियों और कार्यक्रम के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में जागरूक और जिम्मेदार भागीदारी निभाने का आह्वान किया। यूथ आइकन रिंकी खातून ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से युवाओं को प्रेरित करते हुए व्यक्तिगत प्रयास, सक्रियता और सामाजिक उत्तरदायित्व का महत्व बताया।
विद्यार्थियों ने रखे सवाल और विचार
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मतदान, लोकतंत्र, युवा भागीदारी और विकसित भारत के निर्माण से जुड़े विषयों पर प्रश्न पूछे और अपने विचार साझा किए। स्पोर्ट्स आइकन अभिमन्यु कुंतल ने विद्यार्थियों के साथ अपने खेल अनुभव साझा किए। उन्होंने अनुशासन, नियमित अभ्यास, परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूक रहने की शपथ दिलाई गई। साथ ही उन्हें माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराने और अपना वोट जानें विषयक ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
युवाओं से जिम्मेदार भागीदारी की अपील
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता उपस्थित रहे। युवा मोर्चा संयोजक रजनीश जैमन, जिला युवा अधिकारी नेहा जादौन, महाविद्यालय के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी भागीरथ, विजय लक्ष्मी, अंजू बाला सहित अन्य संकाय सदस्य भी मौजूद रहे।
वक्ताओं ने युवाओं से अपने मताधिकार के महत्व को समझने के साथ सामाजिक और राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति सजग रहने की अपील की। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


