125 सदस्यों की मौजूदगी में पीएनबी बैंकर्स के योगदान की सराहना, पांच वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान
अलवर। पंजाब नेशनल बैंक रिटायरीज एसोसिएशन अलवर का चतुर्थ त्रिवार्षिक अधिवेशन ऑर्किड गार्डन में आयोजित किया गया। अधिवेशन में 125 सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान बैंकिंग सेवाओं में हुए नवाचारों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के योगदान और संगठन की गतिविधियों पर चर्चा की गई। साथ ही नई कार्यकारिणी का चयन किया गया।
पीएनबी के अलवर मंडल प्रमुख श्वेतांक कुमार ने बैंकिंग सेवाओं से जुड़े नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने बैंक की प्रगति में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि अलवर मंडल ने पिछले वित्त वर्ष की तुलना में सभी प्रमुख मानकों पर उल्लेखनीय प्रगति की है।
सदस्यों के हित में किए गए कार्यों की जानकारी
अधिवेशन में सचिव पी.एस. शर्मा ने पिछली अवधि में अलवर इकाई की ओर से सदस्यों के हित में किए गए कार्यों, लेखा-जोखा और केंद्रीय संगठन के आह्वान पर उठाए गए कदमों की जानकारी दी।
अधिवेशन का उद्घाटन एआईपीएनबीआरएफ के महासचिव मित्र वशु ने किया। उन्होंने सेवानिवृत्त बैंकर्स से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर 80 वर्ष से अधिक आयु के पांच वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान किया गया।
आर.के. वशिष्ठ मुख्य सलाहकार नामित
पूर्व महाप्रबंधक आर.के. वशिष्ठ को संगठन का मुख्य सलाहकार नामित किया गया। आयोजकों के अनुसार, उनके संगठन से जुड़ने से नई ऊर्जा मिली है।
अधिवेशन में नई कार्यकारिणी का चयन किया गया। इसमें एस.एस. रोहिल्ला को संरक्षक, एम.एम. गुप्ता को अध्यक्ष, जी.एल. मीणा, पी.के. नैना और रोहिताश्व चौधरी को उपाध्यक्ष, पी.एस. शर्मा को सचिव, एस.पी. गुप्ता को सहसचिव, अनिल बंसल को संगठन सचिव, अनूप गर्ग को कोषाध्यक्ष, अनिल बत्रा को सहकोषाध्यक्ष और जे.के. गुप्ता को ऑडिटर चुना गया। इसके अलावा 10 कार्यकारिणी सदस्य भी चुने गए।
दिवंगत साथियों को दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में पिछले अधिवेशन के बाद दिवंगत हुईं प्रमुख राष्ट्रीय हस्तियों, संगठन के सदस्यों और अन्य साथियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
अधिवेशन का संचालन सेवानिवृत्त वरिष्ठ प्रबंधक हेतराम शर्मा ने किया। जी.एल. मीणा के धन्यवाद प्रस्ताव और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


