नेता प्रतिपक्ष ने जोधपुर में प्रस्तावित पैदल मार्च पर उठाए सवाल, बेरोजगारी-महंगाई और किसानों की समस्याओं पर सरकार से मांगा जवाब
जयपुर। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा पर कांग्रेस के प्रति राजनीतिक विरोध को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जवाब देने और घेरने के लिए केंद्र सरकार के मंत्रियों से लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री तक अपने कामकाज छोड़कर मैदान में उतर रहे हैं। जूली के अनुसार, सरकार की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का समाधान होना चाहिए, न कि राजनीतिक सभाएं और मार्च निकालना।
सिंधिया के अलवर दौरे के बाद मुख्यमंत्री के मार्च पर सवाल
जूली ने कहा कि दो दिन पहले केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अलवर में कांग्रेस के खिलाफ लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ कार्यक्रम के तहत पहुंचे थे। अब मुख्यमंत्री के मंगलवार को जोधपुर में पैदल मार्च करने की जानकारी सामने आई है। उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा को कांग्रेस से इतनी घबराहट क्यों है कि उसके जवाब में केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्री तक को मैदान में उतरना पड़ रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों के बजाय कांग्रेस के खिलाफ राजनीतिक कार्यक्रमों में समय दे रहे हैं। उन्होंने इसे भाजपा सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े करने वाला बताया।
बेरोजगारी, महंगाई और किसानों के मुद्दे उठाए
जूली ने मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ने उन्हें सरकार चलाने, लोगों की समस्याओं का समाधान करने और राजस्थान के विकास की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगार युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं, किसान खाद और सिंचाई को लेकर परेशान हैं तथा आमजन महंगाई से जूझ रहा है।
उन्होंने कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी चिंता जताते हुए सवाल किया कि इन मुद्दों पर सरकार की जवाबदेही कौन तय करेगा।
विपक्ष के सवालों का जवाब काम से दे सरकार
जूली ने कहा कि विपक्ष का काम जनता की आवाज उठाना और सरकार से सवाल पूछना है। यदि कांग्रेस सरकार की नीतियों और कामकाज पर सवाल उठा रही है तो भाजपा को उनका जवाब अपने काम के जरिए देना चाहिए, न कि राजनीतिक सभाओं और मार्च के माध्यम से।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे प्रदेश की जनता की समस्याओं के लिए भी समय निकालें और सरकार चलाने तथा विकास कार्यों पर ध्यान दें।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

