किशनगढ़बास में बलिदान दिवस पर सत्संग और सांस्कृतिक कार्यक्रम, समाज की तीन नवनिर्वाचित महिला जनप्रतिनिधियों का हुआ सम्मान
किशनगढ़बास। अमर शहीद पूज्य संत कंवर राम साहिब का 87वां बलिदान दिवस किशनगढ़बास में पूज्य सिंधी पंचायत की ओर से श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संत कंवर राम हरि मंदिर परिसर में भंडारा, सत्संग, भजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। शाम को शहर में भव्य झांकी निकाली गई। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण नगर पालिका चुनाव में समाज से निर्वाचित हुईं तीन महिला जनप्रतिनिधियों का सम्मान रहा।
साईं संत लाल भगत के सानिध्य में हुआ सत्संग
बलिदान दिवस के अवसर पर संत कंवर राम हरि मंदिर को आकर्षक रोशनी से सजाया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। कार्यक्रम का शुभारंभ साईं संत लाल भगत के प्रवचन और सत्संग से हुआ।
साईं संत लाल भगत ने संत कंवर राम साहिब के जीवन और उनके बलिदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने सत्य, प्रेम, एकता और मानवता के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनका जीवन आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। सभी को उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज और देश की सेवा करनी चाहिए।
भजनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
प्रवचन के बाद भजन मंडली ने भक्ति गीतों की प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने संत कंवर राम के जीवन पर आधारित झांकी और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों को उपस्थित श्रद्धालुओं ने सराहा। आयोजन में विशाल भंडारा भी हुआ, जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
शहर के प्रमुख मार्गों से निकली भव्य झांकी
सायंकाल संत कंवर राम हरि मंदिर से भव्य झांकी निकाली गई। झांकी शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस मंदिर पहुंची। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं और नागरिकों ने उसका स्वागत किया। रात्रि में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में समाज के बाल कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की तालियां बटोरीं।
तीन महिला जनप्रतिनिधियों का किया सम्मान
हीरू हरवानी ने बताया कि इस बार कार्यक्रम का विशेष आकर्षण नगर पालिका चुनाव में समाज से पहली बार एक साथ निर्वाचित हुईं तीन महिला जनप्रतिनिधियों का सम्मान रहा। मंच पर उप चेयरमैन कंचन मनीष लखयानी, पार्षद भारती विनीत और पार्षद अनीता धर्मेंद्र हरवानी को सम्मानित किया गया।
पूज्य सिंधी पंचायत के मुखी गोकुल दास, झामन दास, राजेश कामदार, रूपचंद बत्रा, दोलत भारती सहित पंचायत सदस्यों ने तीनों जनप्रतिनिधियों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
पंचायत सदस्यों ने कहा कि समाज की बेटियों का जनप्रतिनिधि के रूप में चुना जाना पूरे सिंधी समाज के लिए गौरव की बात है। इससे महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी और वे शहर के विकास में अपनी भूमिका निभा सकेंगी।
कार्यक्रम में समाज के बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल हुए। संत कंवर राम साहिब के जयकारों के बीच आयोजन संपन्न हुआ। मंच संचालन सुनील बत्रा ने किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


