परदादा ससुर रामसहाय गोयल रह चुके हैं 27 गांवों के सरपंच, अब परिवार की बहू मोना अग्रवाल ने संभाली गांव की कमान
किशनगढ़ बास। पंचायत समिति किशनगढ़ बास की 32 ग्राम पंचायतों में संपन्न हुए सरपंच चुनाव के बाद मुसाखेड़ा गांव में एक परिवार की 55 साल पुरानी राजनीतिक विरासत फिर लौट आई है। करीब साढ़े पांच दशक बाद गोयल परिवार के आंगन में एक बार फिर सरपंची आई है। परिवार की बहू मोना अग्रवाल ने सरपंच पद पर जीत दर्ज की है। उनकी इस जीत से मुसाखेड़ा गांव से लेकर किशनगढ़ बास तक खुशी का माहौल है।
मोना अग्रवाल के परदादा ससुर रामसहाय गोयल करीब 55 साल पहले 27 गांवों के सरपंच रह चुके हैं। उस समय क्षेत्र में उनकी अलग पहचान थी। अब परिवार की परपोती बहू मोना अग्रवाल ने मुसाखेड़ा ग्राम पंचायत से सरपंच का चुनाव जीतकर परिवार की पुरानी विरासत को आगे बढ़ाया है। गांव में इस जीत को परिवार की पुरानी सरपंची की वापसी के रूप में देखा जा रहा है।
नवनिर्वाचित सरपंच मोना अग्रवाल एमए पास हैं। उनके पति दीपेश उर्फ दीपू गोयल किशनगढ़ बास में रेडीमेड कपड़ों की दुकान संचालित करते हैं। मोना के सरपंच बनने से गांव के लोगों को शिक्षा, सड़क, पेयजल, सफाई सहित बुनियादी सुविधाओं के विकास की नई उम्मीद जगी है।
अग्रवाल समाज ने गांव पहुंचकर किया सम्मान
मोना अग्रवाल की जीत पर किशनगढ़ बास अग्रवाल समाज के प्रतिनिधि मुसाखेड़ा गांव पहुंचे। समाज के लोगों ने उन्हें बधाई दी, मुंह मीठा कराया और दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान सरपंच परिवार की ओर से सत्यनारायण, विनय गोयल सहित अन्य परिजनों ने समाजबंधुओं का स्वागत और सम्मान किया।
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि पंचायत चुनाव में समाज की एक बेटी ने चुनाव मैदान में उतरकर जीत हासिल की है। यह पूरे समाज के लिए गर्व का विषय है। 55 साल बाद गोयल परिवार में फिर सरपंची आने से पुरानी यादें ताजा हो गई हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि मोना अग्रवाल के नेतृत्व में मुसाखेड़ा गांव शिक्षा, स्वच्छता, सड़क, पेयजल और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में विकास की नई पहचान बनाएगा।
इस अवसर पर अग्रवाल समाज अध्यक्ष सुनील सिंघल, किराना व्यापार मंडल अध्यक्ष मदनलाल अग्रवाल, संजय सिंघल, मनोज मित्तल, संतोष गोयल, गिर्राज प्रसाद, सागर सिंघल, नरेंद्र कुमार सहित समाज के अन्य लोग मौजूद रहे।


