14 नवंबर को जिला परिषद-पंचायत समिति और 16 नवंबर को पंच-सरपंच पदों के लिए होगा मतदान, चार पंचायत समितियों के 427 केंद्रों पर 3.55 लाख मतदाता करेंगे मतदान
खैरथल-तिजारा,। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण के तहत जिले की चार पंचायत समितियों कोटकासिम, टपूकड़ा, मुंडावर एवं ततारपुर में होने वाले मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार को निर्वाचन सामग्री एवं ईवीएम लेकर मतदान दल अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 14 नवंबर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा, जबकि 16 नवंबर को पंच एवं सरपंच पदों के लिए मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान दलों को निर्वाचन सामग्री वितरित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही उन्हें निर्धारित समय पर मतदान केंद्रों पर पहुंचकर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
चतुर्थ चरण में चारों पंचायत समितियों की 117 ग्राम पंचायतों के 427 मतदान केंद्रों पर चुनाव होंगे। इनमें कोटकासिम की 32 ग्राम पंचायतों के 121, टपूकड़ा की 29 ग्राम पंचायतों के 98, मुंडावर की 30 ग्राम पंचायतों के 117 तथा ततारपुर की 26 ग्राम पंचायतों के 91 मतदान केंद्र शामिल हैं।
3.55 लाख से अधिक मतदाता करेंगे मतदान
चारों पंचायत समितियों में कुल 3 लाख 55 हजार 314 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 1 लाख 86 हजार 26 पुरुष और 1 लाख 69 हजार 288 महिला मतदाता शामिल हैं। पंचायत समिति कोटकासिम में 97 हजार 9, टपूकड़ा में 86 हजार 843, मुंडावर में 93 हजार 745 तथा ततारपुर में 77 हजार 717 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ निर्वाचन कार्य में नियुक्त कार्मिकों को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना करते हुए जिम्मेदारी और निष्पक्षता से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
#Alwar #AlwarNews #MissionSach #MissionSachNews #RajasthanNews #AlwarUpdates


