‘सा रे गा मा पा 2026’ के चिल्ड्रन्स डे स्पेशल एपिसोड में पिता के साथ शिवानी की प्रस्तुति ने जीता जजों का दिल, गिफ्ट की लग्जरी घड़ी
जयपुर। ज़ी टीवी के सिंगिंग रियलिटी शो ‘सा रे गा मा पा 2026’ के चिल्ड्रन्स डे स्पेशल एपिसोड में प्रतियोगी शिवानी की गायकी ने ऐसा समां बांधा कि दिग्गज गायक और शो के जज कुमार सानू भी भावुक हो गए। शिवानी की प्रतिभा से प्रभावित होकर कुमार सानू ने उनके पैर छुए, उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया और उन्हें एक लग्जरी घड़ी उपहार में दी।
शो की शूटिंग के दौरान शिवानी ने अपने पिता शिवदास स्वामी के साथ ‘काहे छेड़े’ गीत पर प्रस्तुति दी। पिता-बेटी की इस जुगलबंदी में संगीत के प्रति लगाव के साथ उनके आपसी रिश्ते की आत्मीयता भी नजर आई। प्रस्तुति ने सभी जजों को प्रभावित किया। जावेद अली ने तारीफ करते हुए कहा कि इस प्रस्तुति को देखकर उनके रोंगटे खड़े हो गए।
शिवानी की गायकी से खास तौर पर प्रभावित हुए कुमार सानू ने कहा कि इतनी कम उम्र में उन्होंने बेहद कठिन गीत को जिस खूबसूरती और आत्मविश्वास के साथ एक ही टेक में गाया, वह काबिलेतारीफ है। उन्होंने शिवानी की प्रतिभा को असाधारण बताते हुए कहा कि उन्हें अपने माता-पिता का आशीर्वाद प्राप्त है।
इसके बाद कुमार सानू स्वयं शिवानी के पास पहुंचे और उनके पैर छूकर आशीर्वाद दिया। उन्होंने शिवानी को नीले और सफेद रंग की एक लग्जरी घड़ी भी भेंट की। इस अप्रत्याशित सम्मान और उपहार से शिवानी भावुक हो गईं। यह पल शो के यादगार क्षणों में शामिल रहा।
एपिसोड में शिवानी के पिता शिवदास स्वामी और शंकर महादेवन के बीच विशेष संगीत जुगलबंदी भी देखने को मिलेगी। चिल्ड्रन्स डे पर प्रसारित होने वाले इस विशेष कार्यक्रम में बच्चों की प्रतिभा, पारिवारिक रिश्तों और संगीत की विभिन्न पीढ़ियों के बीच जुड़ाव को मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।


