अररिया । बिहार के अररिया जिले में पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तीन अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर एक अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में छह कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से अंतरराष्ट्रीय बाजार में 25 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की 4.08 किलोग्राम स्मैक व इस बनाने में इस्तेमाल होने वाले रसायन जब्त किया हैं।
पुलिस ने बताया कि इन कार्रवाइयों में गिरफ्तार आरोपियों में चार पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के निवासी हैं, जबकि दो अररिया जिले के हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बिना नंबर प्लेट वाली काली स्कॉर्पियो, छह मोबाइल फोन और वजन तौलने वाली मशीन बरामद की है।
पुलिस ने बताया कि पहली कार्रवाई राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर हड़ियाबाड़ा टोल प्लाजा के पास हुई, जहां मालदा निवासी इस्माइल शेख को 812 ग्राम स्मैक के साथ पकड़ा गया। उसकी निशानदेही पर जोगबनी के रियाज अंसारी को भी गिरफ्तार किया। एक अन्य कार्रवाई में, पूर्णिया से आ रही एक यात्री बस की तलाशी के दौरान मालदा के रिंकू महालदार से 1.416 किलोग्राम स्मैक बरामद की गई। इसके बाद, अररिया पुलिस और जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) की संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली। इसमें से 1.852 किलोग्राम कच्ची स्मैक, 50 किलोग्राम सोडियम कार्बोनेट पाउडर, एसिड से भरा एक कंटेनर, पांच लीटर आसुत जल और पैकिंग सामग्री बरामद की गई। इस कार्रवाई में मालदा निवासी नबीरुल और रमजानी महालदार के साथ फारबिसगंज निवासी स्कॉर्पियो चालक मुकेश कुमार को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच से संगठित गिरोह के अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। पूछताछ में सामने आया है कि जब्त कच्चे पदार्थ के एक किलोग्राम से कम से कम 10 किलोग्राम बिक्री योग्य स्मैक तैयार की जा सकती है। गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। गिरफ्तार सभी छह आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
नशा तस्करों पर शिकंजा: 25 करोड़ की स्मैक के साथ छह गिरफ्तार


