बागपत। उत्तरप्रदेश के बागपत जिले में बेहद अनोखी घटना ने सभी को हैरान किया है, जहां 80 वर्षीय एक बुजुर्ग ने अपनी मौत का इंतजार किए बिना ही अपनी तेरहवीं और मृत्यु भोज की रस्म पूरी कर दी। जौहड़ी गांव के निवासी बलजोर सिंह ने भावुक कदम अपनी इकलौती बेटी के भविष्य की चिंता में उठाया। उन्हें डर था कि उनके निधन के बाद बेटी पर तेरहवीं और मृत्यु भोज का आर्थिक और सामाजिक बोझ न आ जाए।
बलजोर सिंह का कोई बेटा नहीं है और उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी की कमाई से बनाई गई संपत्ति भी अपनी बेटी के नाम कर दी है। उनका मानना था कि उनकी बेटी पहले से ही कई जिम्मेदारियों में घिरी है, इसके बाद उनके निधन के बाद तेरहवीं और मृत्यु भोज का खर्च और व्यवस्था उसके लिए अतिरिक्त परेशानी बन सकती थीं। इसी सोच के साथ, बलजोर सिंह ने अपनी तेरहवीं का कार्यक्रम स्वयं आयोजित करने का फैसला किया, जब तक कि वह खुद अपने फैसले लेने में सक्षम हैं।
उन्होंने आसपास के गांवों और बिरादरी के चौधरियों सहित करीब 900 लोगों को निमंत्रण भेजा। इस अनोखे मृत्यु भोज में ग्रामीणों और देश खाप सहित सर्वसमाज के लोगों ने शिरकत की। आमतौर पर जहां तेरहवीं में लोग दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि देने आते हैं, वहीं बलजोर सिंह की तेरहवीं में लोग उन्हें जीवित देखकर भावुक हुए। यह घटना अब पूरे बागपत में चर्चा का विषय बनी हुई है, जो एक पिता के अगाध प्रेम और अपनी इकलौती बेटी के प्रति उसकी गहरी चिंता को दर्शाती है।
बेटी की चिंता में 80 वर्षीय पिता ने जीते-जी की तेरहवीं


