More
    Homeराज्यबिहारबिहार बोर्ड 2027: मैट्रिक-इंटर की सेंटअप परीक्षा का शेड्यूल जारी, फेल या...

    बिहार बोर्ड 2027: मैट्रिक-इंटर की सेंटअप परीक्षा का शेड्यूल जारी, फेल या अनुपस्थित रहने पर नहीं मिलेगा एडमिट कार्ड

    पटना। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) ने मैट्रिक और इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए सेंटअप परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि सेंटअप परीक्षा में शामिल होना और सफल होना अनिवार्य है। परीक्षा में अनुपस्थित रहने या असफल होने वाले विद्यार्थियों को मुख्य बोर्ड परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी नहीं किया जाएगा। बोर्ड के कार्यक्रम के अनुसार, इंटरमीडिएट की सेंटअप परीक्षा 19 से 28 नवंबर 2026 तक आयोजित होगी। वहीं, मैट्रिक की परीक्षा 23 से 27 नवंबर तक चलेगी। इंटर की प्रायोगिक परीक्षा 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक और मैट्रिक की प्रैक्टिकल परीक्षा 28 नवंबर को होगी।

    – दो पालियों में होगी परीक्षा
    दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित की जाएंगी। पहली पाली सुबह 9.30 से दोपहर 12.45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक चलेगी। विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय मिलेगा।

    – इंटर और मैट्रिक का विषयवार कार्यक्रम
    इंटरमीडिएट परीक्षा में 19 नवंबर को फिजिक्स, फिलॉसफी, पॉलिटिकल साइंस और एकाउंटेंसी सहित अन्य विषयों की परीक्षा होगी। 20 नवंबर को गणित, जियोग्राफी, बायोलॉजी और बिजनेस स्टडी, जबकि 21 नवंबर को इंग्लिश और भाषा विषय की परीक्षा होगी। शेष विषयों की परीक्षाएं 25 से 28 नवंबर तक आयोजित की जाएंगी। मैट्रिक परीक्षा में 23 नवंबर को मातृभाषा और भारतीय भाषा, 25 नवंबर को विज्ञान और सामाजिक विज्ञान, 26 नवंबर को गणित, गृह विज्ञान और अंग्रेजी तथा 27 नवंबर को ऐच्छिक विषयों की परीक्षा होगी।

    – इन विद्यार्थियों को मिलेगी छूट
    बोर्ड के अनुसार, पूर्ववर्ती, कंपार्टमेंटल और इंप्रूवमेंट श्रेणी के विद्यार्थियों को सेंटअप परीक्षा से छूट दी गई है। वहीं, सामान्य श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए परीक्षा में शामिल होना और सफल होना जरूरी है। बोर्ड ने विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार तैयारी करें और किसी भी विषय की परीक्षा न छोड़ें। सेंटअप परीक्षा में लापरवाही करने पर वर्ष 2027 की मुख्य बोर्ड परीक्षा में शामिल होने का मौका प्रभावित हो सकता है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here