More
    Homeफरीदाबाद में ग़ज़ल-कुंभ में रामचरण 'राग' का सम्मान

    फरीदाबाद में ग़ज़ल-कुंभ में रामचरण ‘राग’ का सम्मान

    राष्ट्रीय स्तर के मुशायरे में देशभर के नामचीन शायरों ने सुनाया कलाम, अलवर के साहित्यकारों ने भी की शिरकत

    अलवर। राष्ट्रीय स्तर की साहित्यिक संस्था ‘परवाज़-ए-ग़ज़ल’ की ओर से 15 नवंबर को फरीदाबाद के एनआईटी परिसर स्थित के.एल. मेहता दयानंद कॉलेज के सभागार में ग़ज़ल-कुंभ एवं मुशायरे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अलवर के वरिष्ठ ग़ज़लकार एवं सृजक संस्थान के सचिव रामचरण ‘राग’ को ग़ज़ल साहित्य में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

    विख्यात शायर हसन फतेहपुरी की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में रामचरण ‘राग’ को मोतियों की माला, पुष्पगुच्छ, साफा एवं पटका पहनाकर सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में ख्यातिलब्ध शायर नोमान ‘शौक़’ मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं आकाशवाणी के पूर्व निदेशक डॉ. लक्ष्मी शंकर वाजपेई, मासूम ग़ाज़ियाबादी, विज्ञान व्रत, ओमप्रकाश यति और अलीना इतरत सहित देश के अनेक प्रतिष्ठित ग़ज़लकारों ने शिरकत की।

    समारोह में आयोजित मुशायरे में देशभर से आए शायरों ने अपनी उम्दा ग़ज़लें प्रस्तुत कर श्रोताओं की खूब वाहवाही बटोरी। अलवर के वरिष्ठ ग़ज़लकार रामचरण ‘राग’ ने भी अपनी ग़ज़लों की प्रस्तुति से श्रोताओं की सराहना प्राप्त की। कार्यक्रम में अलवर के वरिष्ठ साहित्यकार गोकुल राम शर्मा ‘दिवाकर’ एवं युवा कवि प्रेम शर्मा भी शामिल हुए।

    सृजक संस्थान के प्रवक्ता मुकेश मीणा ने बताया कि समारोह में हाल ही में प्रकाशित ग़ज़ल के पांच साझा संग्रहों का लोकार्पण भी किया गया। इनमें ‘अहले-फिक्र’ और ‘नस्लें-नौ’ प्रमुख हैं। पुस्तक ‘अहले-फिक्र’ में रामचरण ‘राग’ की चार ग़ज़लों को स्थान दिया गया है। उन्होंने बताया कि ग़ज़ल-कुंभ में देशभर के वरिष्ठ ग़ज़लकारों की साहित्यिक उपलब्धियों और योगदान को सम्मानित किया गया।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here