More
    Homeराजनीति'केवल PM मोदी ही कर सकते हैं बिहार का विकास', राजनाथ सिंह...

    ‘केवल PM मोदी ही कर सकते हैं बिहार का विकास’, राजनाथ सिंह का दावा- फिर बनेगी NDA की सरकार

    पटना: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर तमाम पार्टियों ने तैयारियां तेज कर दी है. लगातार रैलियों और बैठकों का दौर जारी है. इसी कड़ी में आज पटना में बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल हुए. अपने संबोधन के दौरान उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी इस देश की एकमात्र राजनीतिक पार्टी है, जिसकी कथनी और करनी कोई अंतर नहीं है.

    लोगों के दिल तक पहुंचना है हमें: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बीजेपी की राज्य कार्यकारिणी बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि यह केवल एक संगठन की बैठक मात्र नहीं है बल्कि एक संकल्प सभा है, उस संकल्प की सिद्धि के लिए, जो बिहार और भारत दोनों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए हमें लेना है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बीते 11 वर्षों में यह सिद्ध किया है कि भारत बदल सकता है और भारत आगे बढ़ सकता है, बशर्ते नेतृत्व सुदृढ़ हो, नीयत साफ हो, नीति स्पष्ट हो और राष्ट्र-हित सर्वोपरि रखा जाएं. हमें यहीं विश्वास बिहार के हर निवासी के दिल तक पहुंचाना है.
     

    लालू यादव पर हमला: आरजेडी अध्यक्ष लालू यादव के समाजवाद पर हमला करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि जो लोग गरीबों-शोषितों और वंचितों की बात करते थे, सत्ता में आने के बाद बदल गए. उन्होंने याद दिलाया कि लालू निजी तौर पर कर्पूरी ठाकुर के लिए किन शब्दों का इस्तेमाल करते थे, ये सब लोग जानते हैं. कर्पूरी ठाकुर जी जब विपक्ष के नेता थे और बहुत बीमार चल रहे थे लेकिन विधानसभा में हिस्सा लेने के लिए उन्हें मजबूरी से घर से निकलना पड़ा. कर्पूरी का जीवन अत्यंत सादा था. गाड़ी में उन्होंने अपने सहयोगी शिवानंद पासवान से कहा था कि लालू यादव से पूछो अगर संभव हो तो अपनी जीप से मुझे विधानसभा छोड़ दें लेकिन लालू ने तेल नहीं होने का बहाना बना दिया.

    बिहार की बदहाली के लिए आरजेडी-कांग्रेस दोषी: राजनाथ सिंह ने कहा कि राजद और कांग्रेस में मिलकर बिहार को पिछड़ेपन, बेरोजगारी और अपराध के दलदल में धकेल दिया था. उन दोनों दलों के शीर्ष नेताओं ने सत्ता को जन सेवा का माध्यम नहीं, बल्कि परिवार की सेवा का साधन बना दिया. लालू ने युवाओं का रोजगार छीन लिया. महिलाएं घर से बाहर निकलने से डरती थीं लेकिन एनडीए की सरकार आए तो हालात बदले.
     

    "कांग्रेस और आरजेडी जैसी पार्टियों का केवल एक ही उद्देश्य होता हैं, सत्ता में बने रहना. जबकि भारतीय जनता पार्टी का उद्देश्य है कि भारत के हर नागरिक का गरिमामय जीवन सुनिश्चित होना चाहिए. ऐसी नीतियां बनाना, जिसमें हर वर्ग का विकास हो. सभी को आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार सुनिश्चित हो, यह भी हमारी सरकार ने किया है. भारत की अर्थव्यवस्था विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बने, इसके लिए हम सभी प्रयत्नशील हैं"- राजनाथ सिंह, रक्षा मंत्री

    मोदी ही कर सकते हैं विकास: रक्षा मंत्री ने कहा कि आज जब एक नई पीढ़ी आगे बढ़ रही है तो हमारा कर्तव्य है कि इस सच्चाई से हम उनको परिचित कराएं. हकीकत क्या है, उन्हें बताएं. अगर बिहार को कोई बदनाम करता रहा है तो सोचिये क्या वह बिहार को बेहतर और नया भविष्य दे सकता है? उन्होंने कहा कि केवल और केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सरकार ही बिहार का विकास कर सकती है. इसलिए केंद्र में मोदी और प्रदेश में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार जरूरी है.
     

    मोदी के नेतृत्व में मजबूत भारत: ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि हम लोगों ने आक्रमण नहीं किया, बल्कि आतंकवादियों के ठिकानों का सफाया किया है. उन्होंने कहा कि हम उन्हें समाप्त करने से रंच मात्र भी नहीं हिचकेंगे. राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत 2047 तक विकसित भारत बनने के लक्ष्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ चुका है. 100% एजुकेशन एंड हेल्थ केयर स्किल एंड एंप्लॉयमेंट वूमेन पार्टिसिपेशन महिलाओं की भागीदारी ग्लोबल फूड हब जैसे लक्ष्य केवल नीतिगत घोषणाएं नहीं, बल्कि संकल्प है.
     

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here