जालूकी रोड पर गंदगी और दुर्गंध से लोग परेशान, कचरे पर जुट रहे आवारा कुत्ते, कार्रवाई की मांग
लक्ष्मणगढ़ (अलवर)। कस्बे के जालूकी रोड स्थित मुख्य मार्ग के पास मीट और मुर्गियों की दुकानों से निकलने वाला कचरा खुले में फेंके जाने से स्थानीय लोगों और राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है। दुकानदारों द्वारा मुर्गियों को काटने के बाद अपशिष्ट और मांस के अवशेष पास की खाली जगह में डाल दिए जाते हैं। इससे क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध फैल रही है। वहीं, कचरे पर बड़ी संख्या में आवारा कुत्तों के जमा होने से लोगों का रास्ते से निकलना मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार शाम के समय इस मार्ग से गुजरने वाले दुपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को विशेष परेशानी होती है। सुबह मॉर्निंग वॉक पर जाने वाले लोग और स्कूली बच्चों को लेकर आने-जाने वाली बसें एवं अन्य वाहन भी इसी रास्ते से गुजरते हैं। कचरे के ढेर और आवारा कुत्तों की मौजूदगी से दुर्घटना और कुत्तों के हमले का खतरा बना रहता है।
लोगों का कहना है कि खुले में मांस के अवशेष फेंके जाने से आसपास का वातावरण दूषित हो रहा है। कई बार मांस के टुकड़े रास्ते में फैलने से राहगीरों को असुविधा होती है और उनकी धार्मिक भावनाएं भी आहत होती हैं।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि खुले में कचरा डालना बंद नहीं हुआ तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दी जाएगी। नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और खुले में कचरा फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।


