More
    Homeदेशटाटा का नया प्रयोग, स्टील फैक्ट्री की बेकार गैस से तैयार होगी...

    टाटा का नया प्रयोग, स्टील फैक्ट्री की बेकार गैस से तैयार होगी हाइड्रोजन

    जमशेदपुर. स्टील उत्पादन के दौरान निकलने वाली गैसों का इस्तेमाल अब हाइड्रोजन बनाने में किया जाएगा। टाटा स्टील ने इस दिशा में बड़ी पहल करते हुए अमेरिका की ह्यूस्टन स्थित कंपनी यूटिलिटी ग्लोबल के साथ साझेदारी की है। दोनों कंपनियां ओडिशा के कलिंगनगर स्थित टाटा स्टील प्लांट में भारत की पहली ऐसी परियोजना शुरू करने की तैयारी कर रही हैं, जिसमें स्टील प्लांट से निकलने वाली गैसों से उच्च शुद्धता वाला हाइड्रोजन तैयार किया जाएगा।

    परियोजना की क्षमता और तकनीक इस परियोजना की प्रस्तावित क्षमता 10 टन प्रतिदिन (टीपीडी) होगी। इसके लिए यूटिलिटी ग्लोबल की स्वामित्व वाली एच-2जेन तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। फिलहाल दोनों कंपनियां परियोजना की व्यवहार्यता और तकनीकी पहलुओं को अंतिम रूप देने के लिए फ्रंट-एंड इंजीनियरिंग एंड डिजाइन (एफईईडी) अध्ययन करेंगी। इसके बाद टाटा स्टील का बोर्ड अंतिम निवेश निर्णय (एफआइडी) लेगा। बोर्ड की मंजूरी मिलने के बाद संयंत्र की स्थापना और परिचालन शुरू होगा।

    प्रमुख अधिकारियों की उपस्थिति हस्ताक्षर के दौरान (प्रोजेक्ट डेवलपमेंट), यूटिलिटी के डायरेक्टर धवल पटेल, टाटा स्टील के प्रिंसिपल एक्जीक्यूटिव ऑफिसर देवाशीष चौधरी, यूटिलिटी के प्रिंसिपल प्रोजेक्ट इंजीनियर विशाल शास्त्री, सीओओ ब्लादिमीर नोवाक, टाटा स्टील (टेक्नोलाजी, आरएंडडी एनएमबी एंड ग्राफीन) के वाइस प्रेसिडेंट सुबोध पांडेय, टाटा स्टील के सीईओ सह एमडी टीवी नरेंद्रन, यूटिलिटी के सीईओ पार्कर मीक्स, सीएफओ राबर्ट लेन, वाइस प्रेसिडेंट (सेफ्टी, हेल्थ और सस्टेनेबिलिटी) राजीव मंगल व यूटिलिटी के वाइस प्रेसिडेंट व (स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप्स) फिलिप सोन उपस्थित थे।

    कार्बन उत्सर्जन कम करने में मदद यूटिलिटी ग्लोबल की एच-2जेन तकनीक इलेक्ट्रो-केमिकल प्रक्रिया पर आधारित है। इसके जरिए स्टील प्लांट से निकलने वाली कार्बन मोनो-ऑक्साइड (सीओ) युक्त गैसों का उपयोग कर उच्च शुद्धता वाला हाइड्रोजन तैयार किया जाता है। कंपनी कनाडा में एक स्टील उत्पादक के ब्लास्ट फर्नेस प्लांट में वास्तविक ब्लास्ट फर्नेस गैस का इस्तेमाल कर इस तकनीक का प्रदर्शन भी कर चुकी है।

    अधिकारियों के विचार टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (टेक्नोलॉजी, रिसर्च एंड डेवलपमेंट, न्यू मैटेरियल्स बिजनेस एंड ग्राफीन) सुबोध पांडेय ने कहा कि स्टील उद्योग में कार्बन उत्सर्जन कम करने के लिए ऐसी तकनीकों की जरूरत है, जो बड़े पैमाने पर और मौजूदा औद्योगिक संयंत्रों की परिस्थितियों में काम कर सकें। एच-2 जेन जैसी तकनीक मौजूदा बुनियादी ढांचे का इस्तेमाल करते हुए उत्सर्जन में कमी लाने का अवसर प्रदान करती है। यूटिलिटी ग्लोबल के साथ यह साझेदारी कंपनी के परिचालन को और अधिक पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

    2045 तक नेट जीरो उत्सर्जन का लक्ष्य टाटा स्टील ने वर्ष 2045 तक नेट जीरो कार्बन उत्सर्जन का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए कंपनी लगातार कम कार्बन वाली स्टील उत्पादन तकनीकों पर काम कर रही है। इससे पहले कंपनी अपने ब्लास्ट फर्नेस में कोल बेड मीथेन, हाइड्रोजन और बायोचार इंजेक्शन का परीक्षण कर चुकी है। वर्ष 2021 में जमशेदपुर प्लांट में ब्लास्ट फर्नेस गैस से कार्बन डाइ-ऑक्साइड अलग करने वाला भारत का पहला संयंत्र भी शुरू किया गया था। वहीं, इसी वर्ष सितंबर में मेरामंडली प्लांट में कोक ओवन गैस इंजेक्शन परियोजना चालू की गई। अब कलिंगनगर में स्टील प्लांट की गैसों से हाइड्रोजन उत्पादन की पहल को कंपनी की हरित स्टील उत्पादन की रणनीति में एक और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here