रामपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान डासना जेल से रिहा हो गए हैं। जेल से छूटते ही रामपुर पहुंचे आजम खान ने भाजपा और जांच एजेंसियों पर तीखा हमला बोला। इस दौरान उन्होंने राजनीतिक हालात, भारतीय जनता पार्टी, जांच एजेंसियों और चुनावी राजनीति को लेकर खुलकर अपनी बात रखी और कहा कि अब चुनाव जाति और धर्म के नाम पर नहीं, बल्कि मुद्दों के आधार पर लड़ा जाएगा। आजम खान ने कहा कि यदि मदन मोहन मालवीय और सर सैयद अहमद खान के समय में प्रवर्तन निदेशालय, सीबीआई, आयकर विभाग और विकास प्राधिकरण जैसी संस्थाएं होतीं, तो उन्हें भी जेल भेज दिया जाता और वे विश्वविद्यालय नहीं बना पाते। उन्होंने दावा किया कि भाजपा पूरी तरह साफ हो गई है और लोकसभा व विधान परिषद चुनाव के नतीजों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि जीती गई कुछ सीटें गलत तरीके अपनाकर हासिल की गई हैं।
बेहतर स्वास्थ्य और विश्वसनीय इलाज... सानिया हॉस्पिटल की बेहतरीन सुविधाओं की झलक
चुनाव के मुद्दों और जांच एजेंसियों पर बयान
आजम खान ने कहा कि चुनाव नहीं होगा, इंकलाब होगा और बदलाव नहीं होगा, सैलाब आएगा। उनके अनुसार, अब लोग जाति या धर्म के नाम पर चुनाव नहीं लड़ेंगे, बल्कि चुनाव मुद्दों पर आधारित होंगे। उन्होंने खुद पर लगे आरोपों को लेकर सवाल उठाया कि क्या वे माफिया हैं, जबकि उन्होंने बच्चों के लिए स्कूल खोले और एक विश्वविद्यालय बनाया। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा व्यक्ति माफिया हो सकता है या कोई मामूली चोरी के आरोप वाला जांच एजेंसी की नजर में दोषी हो सकता है, तो हर गली में ऐसा व्यक्ति होना चाहिए ताकि वह भी एक विश्वविद्यालय बना सके। उन्होंने सभी संवैधानिक संस्थाओं से अपनी साख बचाने की अपील की।
समर्थकों का स्वागत और अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया
आजम खान के जेल से बाहर आने पर उनके समर्थकों ने नारेबाजी कर स्वागत किया। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी उनकी रिहाई पर खुशी जताई और सोशल मीडिया पर लिखा कि आजम खान की रिहाई से न्याय पर भरोसा और मजबूत हुआ है। हालांकि, कानूनी व चुनावी नियमों के चलते आजम खान जेल से बाहर आने के बावजूद विधानसभा चुनाव नहीं लड़ पाएंगे।


