वाशिंगटन। अगर काफी ऊंचाई पर एक भी परमाणु बम फट जाए, तो धरती की निचली कक्षा यानी लो-अर्थ ऑर्बिट में घूम रहे लगभग सारे सैटेलाइट खराब हो सकते हैं और एक महीने के अंदर करीब सभी बंद हो जाएंगे। यह बड़ा खतरा वैज्ञानिकों के नए अध्ययन में सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, अंतरिक्ष की निचली कक्षा में इस समय 13,000 से ज्यादा सैटेलाइट काम कर रहे हैं, जो हमारे फोन, डेटा संचार, सैटेलाइट इंटरनेट, मौसम की जानकारी और कई जरूरी सेवाओं का अहम हिस्सा हैं। यह सिर्फ एक कल्पना नहीं है, बल्कि अंतरिक्ष में पहले भी परमाणु विस्फोट हो चुके हैं। शीत युद्ध के दौरान अमेरिका और सोवियत संघ ने ऊंचाई पर 18 परमाणु विस्फोट किए थे। इनमें सबसे बड़ा परीक्षण 'स्टारफिश प्राइम' था, जो 1962 में प्रशांत महासागर के ऊपर 400 किलोमीटर की ऊंचाई पर किया गया था, जिससे उस समय कई सैटेलाइट खराब हो गए थे। इसके एक साल बाद दोनों देशों ने समझौते के तहत जमीन के ऊपर होने वाले परमाणु परीक्षण बंद करने पर सहमति जताई थी, लेकिन आज के हालात में कम क्षमता वाला हथियार भी निचली कक्षा में फटे तो बड़ा नुकसान हो सकता है।
बेहतर स्वास्थ्य और विश्वसनीय इलाज... सानिया हॉस्पिटल की बेहतरीन सुविधाओं की झलक
कमजोर चुंबकीय क्षेत्र और नकली रेडिएशन बेल्ट का खतरा
विस्कॉन्सिन-मैडिसन विश्वविद्यालय और प्रिंसटन विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने अपने अध्ययन में दक्षिण अटलांटिक के ऊपर 500 किलोमीटर की ऊंचाई पर 1 मेगाटन क्षमता के परमाणु विस्फोट का सिमुलेशन तैयार किया। यह इलाका साउथ अटलांटिक एनोमली के पास है, जहां धरती का चुंबकीय क्षेत्र अपेक्षाकृत कमजोर होता है, जिससे विस्फोट का असर और बढ़ सकता है। अध्ययन के अनुसार, विस्फोट से निकलने वाले रेडियोएक्टिव कणों के क्षय से पैदा होने वाले इलेक्ट्रॉन धरती के चुंबकीय क्षेत्र में फंसकर एक नकली रेडिएशन बेल्ट बना देंगे। जब सैटेलाइट बार-बार इस हिस्से से गुजरेंगे, तो उन पर रेडिएशन का असर बढ़ेगा और वे खराब होने लगेंगे।
सैटेलाइट बंद होने की रफ्तार और अंतरिक्ष के मलबे का असर
शोधकर्ताओं के सिमुलेशन के मुताबिक, विस्फोट के एक दिन बाद करीब 25 प्रतिशत, तीसरे दिन के अंत तक 78 प्रतिशत, एक हफ्ते बाद 98 प्रतिशत और 15वें दिन तक 99.4 प्रतिशत सैटेलाइट बंद हो सकते हैं। यहां तक कि मजबूत रेडिएशन सुरक्षा वाले सैटेलाइट भी 30 दिनों के अंदर 99.3 प्रतिशत तक खराब हो सकते हैं। यदि 100 किलोटन क्षमता वाला कम ताकतवर हथियार भी इस्तेमाल हो, तो 99 प्रतिशत सैटेलाइट को खराब होने में एक साल लग सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि केवल रेडिएशन ही नहीं, बल्कि सैटेलाइट्स के नियंत्रण खोने से आपस में टक्कर का खतरा भी बढ़ेगा। शुरुआती दो वर्षों में करीब 20 टक्करें होने और 10 साल बाद इनसे लगभग 3,900 नए मलबे के टुकड़े अंतरिक्ष में फैलने का अनुमान है।


