खड़गपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आईआईटी खड़गपुर के प्लैटिनम जुबली समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भारत ने अपनी सोच की सीमाओं को तोड़कर नई संभावनाओं के द्वार खोले हैं। उन्होंने कहा कि करीब दो दशक पहले तक देश में गरीबी को एक लाइलाज समस्या मान लिया गया था और पांच दशक पहले लाल किले से गरीबी हटाने के नारों के बावजूद नीतिगत स्तर पर ठोस कदम फाइलों में दब जाते थे। मोदी के अनुसार, पहली बार सरकार बनने पर जब उन्होंने लाल किले से गरीबों के लिए शौचालय निर्माण की बात कही, तो संसद में उसका मजाक उड़ाया गया, जबकि यह गरीब महिलाओं और माताओं के सम्मान व जरूरत से जुड़ा अहम विषय था।
सीमित सोच से बाहर निकला भारत
प्रधानमंत्री ने कहा कि लोग और राष्ट्र अक्सर अपनी सोच पर खुद ही बंदिशें लगा लेते हैं, जिसे सीमित सोच कहा जाता है। कोई भी देश अपनी असली ताकत तभी पहचान सकता है, जब वह तयशुदा दायरों को लांघकर आगे बढ़े और पिछले कुछ वर्षों में भारत ने यह कर दिखाया है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत की यात्रा में आईआईटी खड़गपुर के 75 वर्षों का अनुभव नवाचार और देश के विकास में बड़ी भूमिका निभाएगा तथा छात्रों को आकांक्षी भारत के सपनों को साकार करने में योगदान देना होगा।
हॉल संस्कृति, दीपावली और 75 साल का सफर
संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि अन्य संस्थानों के विपरीत यहां हॉस्टल के बजाय हॉल होते हैं, जिनको लेकर विद्यार्थियों में खास गर्व देखा जाता है। उन्होंने दीपावली के दौरान संस्थान में होने वाली सजावट और अलग-अलग हॉलों के बीच होने वाली प्रतियोगिताओं का जिक्र करते हुए हल्के-फुल्के अंदाज में विजेता छात्रों से कहा कि वे खुद के लिए ताली बजाएं। उन्होंने कहा कि 75 वर्षों में भारत ने बैलगाड़ी से बुलेट ट्रेन और डाक पत्र से सोशल मीडिया तक का सफर तय किया है तथा पहले आईआईटी के रूप में खड़गपुर ने इस बदलाव में अहम योगदान दिया है।
स्वतंत्रता संग्राम की विरासत और आभार
प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल की भूमि हमेशा से विचारों और राष्ट्रीय आंदोलनों को मजबूती देती रही है और यह संस्थान उसी स्थान पर स्थापित है, जहां कभी स्वतंत्रता सेनानियों के लिए डिटेंशन कैंप हुआ करता था। उन्होंने समारोह में अतीत, वर्तमान और भविष्य के संगम तथा प्रतिभाशाली युवाओं की मौजूदगी का उल्लेख करते हुए सभी का आभार जताया और कार्यक्रम में पहुंचने में हुई देरी के लिए क्षमा भी मांगी।


