More
    Homeधर्म-समाजमोक्ष के द्वार खोलता है मार्गशीर्ष मास, जानें इस पवित्र महीने में...

    मोक्ष के द्वार खोलता है मार्गशीर्ष मास, जानें इस पवित्र महीने में कैसे बरसेगी भगवान विष्णु की कृपा

    हिंदू धर्म में संवत के सभी मास का अपना विशेष आध्यात्मिक महत्व है, लेकिन मार्गशीर्ष महीना इन सभी में सबसे उत्तम और फलदायी माना गया है. स्वयं भगवान श्रीकृष्ण ने श्रीमद्भगवद्गीता के उपदेशों में इस पवित्र मास की महिमा का गुणगान करते हुए इसे अपना स्वरूप बताया है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी को भगवान विष्णु अपनी चातुर्मास की योगनिद्रा से जागते हैं, तो उसके बाद आने वाली पूर्णिमा से अगले दिन यह पवित्र माह भक्तों के लिए मोक्ष के द्वार खोलने वाला होता है.

    धर्मनगरी में भगवान विष्णु की चरण पादुका और प्राचीन मंदिरों के कारण हरिद्वार का महत्व कई गुना बढ़ जाता है. इस पवित्र माह के दौरान क्या करें और किस उपाय से श्रीहरि की विशेष कृपा बनी रहेगी? मार्गशीर्ष मास भगवान विष्णु का सबसे प्रिय महीना क्यों कहा जाता है? चलिए इस बात को विस्तार से समझते हैं हरिद्वार के विद्वान पंडित जी से…
    श्रीमद्भगवद्गीता में वर्णित है मार्गशीर्ष की महिमा
    हरिद्वार के विद्वान पंडित योगेश पंत बताते हैं कि मार्गशीर्ष मास की महिमा का विशेष वर्णन श्रीमद्भगवद्गीता के दसवें अध्याय ‘विभूति योग’ के पैंतीसवें श्लोक में किया गया है. भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने कहा है कि मासों में मैं मार्गशीर्ष मास हूं, छंदों में गायत्री छंद हूं और ऋतुओं में वसंत ऋतु हूं. इसी कारण मार्गशीर्ष मास को सभी महीनों में सर्वोत्तम माना गया है. इसके अलावा महाभारत काल में भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को गीता का पवित्र उपदेश भी इसी मार्गशीर्ष मास में दिया था.

    पूजा-अर्चना और पवित्र नदियों में स्नान का विशेष महत्व
    पंडित योगेश पंत बताते हैं कि इस पूरे मास में भगवान श्रीकृष्ण, भगवान नारायण और लड्डू गोपाल की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और अभिषेक करना बेहद ही लाभकारी होता है. इस मास में गंगा, यमुना और सरयू जैसी पवित्र नदियों में स्नान का सबसे अधिक महत्व है. यदि नदी में स्नान संभव न हो, तो घर पर ही शंख में जल भरकर भगवान विष्णु का अभिषेक करें और उसी शंख के जल का पूरे घर में छिड़काव करें.

    दीपदान और इन चीजों का दान दिलाएगा मोक्ष
    मार्गशीर्ष के पूरे मास में तुलसी के पास दीप जलाना, दीपदान करना और तिल, गुड़, घी का दान करना सबसे अधिक शुभ होता है. पंडित योगेश पंत आगे बताते हैं कि इस बदलते मौसम में गरीबों को कंबल दान करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होने के साथ मोक्ष के द्वार भी खुल जाते हैं.

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here