नई दिल्ली । अपनी एंट्री-लेवल एसयूवी किआ सोनेट के कुछ वैरिएंट को कंपनी किआ इंडिया ने हमेशा के लिए बंद कर दिया है। इस फेरबदल में सबसे बड़ा बदलाव 1.0एल टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ मिलने वाले आईएमटी गियरबॉक्स ऑप्शन में किया गया है। कंपनी ने उन वैरिएंट को लाइनअप से हटाया है जिनकी बिक्री कम थी या जिनकी ग्राहकों द्वारा कम मांग की जा रही थी। पहले उपलब्ध एचटीके प्लस टर्बो पेट्रोल आईएमटी और एचटीएक्स टर्बो पेट्रोल आईएमटी जैसे वैरिएंट अब बंद कर दिए गए हैं। इसके बाद, 1.0L टर्बो पेट्रोल आईएमटी का ऑप्शन अब केवल एचटीके (ओ) और एचटीके प्लस (ओ) ट्रिम लेवल्स में ही उपलब्ध है। किआ सोनेट की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 7.45 लाख रुपये है। सोनेट में तीन इंजन विकल्प मिलते हैं, जिसमें पहला 1.0 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन है, जो 120बीएचपी की अधिकतम पावर और 172एनएम का पीक टॉर्क जनरेट करता है। दूसरा इंजन 1.2 लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल से लैस है, जो 83बीएचपी की अधिकतम पावर और 115एनएम का पीक टॉर्क जनरेट करता है। वहीं, तीसरा ऑप्शन 1.5 लीटर डीजल इंजन है, जो अधिकतम 116बीएचपी की पावर और 250 एनएम का पीक टॉर्क जनरेट करता है।
इन बदलावों के बाद, ग्राहकों को अब 1.0एल टर्बो पेट्रोल आईएमटी विकल्प के लिए कम ट्रिम स्तरों पर विचार करना होगा। सेफ्टी फीचर्स के मामले में, सोनेट में 6-एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, फ्रंट और रियर पार्किंग सेंसर, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम के अलावा 360-डिग्री कैमरा जैसे फीचर्स दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त, इसमें लेवल-1 एडवांस ड्राइवर असिस्टेंट सिस्टम (एडीएएस) भी उपलब्ध है। भारतीय बाजार में किआ सोनेट का मुकाबला टाटा नेक्सन, मारुति ब्रेजा, हुंडई वेन्यू, महिंद्रा एक्सयूवी3एक्सओ, निसान मैग्नाइट और रेनो काइगर जैसे कई मॉडल से देखने को मिलता है।
एसयूवी किआ सोनेट के कुछ वैरिएंट हमेशा के लिए बंद


