More
    Homeदेशस्पाइसजेट की मनमानी, उड़ानों के लिए बिना चेतावनी के टिकटों की बुकिंग...

    स्पाइसजेट की मनमानी, उड़ानों के लिए बिना चेतावनी के टिकटों की बुकिंग जारी

    नई दिल्ली। गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रही बजट एयरलाइन स्पाइसजेट की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। विमान ईंधन की ऊंची कीमतों, घटते विमानों के बेड़े और नियामक संस्थाओं की सख्ती के बीच कंपनी की उड़ानें लगातार रद्द या लेट हो रही हैं। हैरानी की बात यह है कि इसके बावजूद एयरलाइन अपनी वेबसाइट पर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए बिना किसी चेतावनी के टिकटों की बुकिंग जारी रखे हुए है यहां तक कि उन रूट्स पर भी जहां वह फिलहाल उड़ान भरने में असमर्थ है।
    मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक 24 नवंबर के लिए दिल्ली-दुबई फ्लाइट का टिकट 30,284 रुपए में उपलब्ध था और बुकिंग की प्रक्रिया बिना किसी रुकावट के सीधे पेमेंट पेज तक पहुंच गई। इस दौरान वेबसाइट पर कहीं भी उड़ान में देरी या रद्द होने को लेकर कोई चेतावनी नहीं दिखाई गई। यह मामला इसलिए गंभीर है क्योंकि दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने ग्राउंड-हैंडलिंग कंपनी डनाटा के करीब 35.8 करोड़ रुपए के बकाया भुगतान न होने के कारण 12 नवंबर से ही स्पाइसजेट की चेक-इन सेवाएं निलंबित कर रखी हैं। इसके चलते दुबई से दिल्ली, मुंबई, अमृतसर और जयपुर की कई उड़ानें लगातार रद्द हो रही हैं। मुंबई-दुबई फ्लाइट पिछले एक हफ्ते से उड़ान नहीं भर रही है, फिर भी इसके टिकट वेबसाइट पर बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।
    अंतरराष्ट्रीय के साथ-साथ घरेलू रूट्स पर भी स्पाइसजेट की सेवाएं चरमरा गई हैं। 19 से 21 नवंबर के बीच दिल्ली-मुंबई रूट पर दोनों तरफ से कम से कम 8-8 उड़ानें रद्द की गईं, फिर भी 23 नवंबर और उसके बाद की तारीखों के लिए बिना किसी चेतावनी के बुकिंग ली जा रही है। लगातार हो रही देरी और उड़ानों के रद्द होने से एयरपोर्ट पर यात्रियों का सब्र टूट रहा है। 19 नवंबर को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दिल्ली-मुंबई फ्लाइट घंटों की देरी के बाद रद्द कर दी गई, जिसके बाद नाराज यात्रियों ने एयरलाइन के खिलाफ चोर-चोर के नारे लगाए थे। एक अन्य घटना में देरी से परेशान यात्रियों और एयरलाइन कर्मचारी के बीच तीखी बहस हुई, जहां कर्मचारी ने यात्री को बाहर मिल, फिर बताता हूं तक कह दिया।
    इस बीच, एयरलाइन पायलट एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने चेतावनी दी है कि स्पाइसजेट की खराब आर्थिक स्थिति का सीधा असर उड़ान सुरक्षा और विमानों के रखरखाव पर पड़ सकता है। संगठन के अध्यक्ष सैम थॉमस ने कहा कि कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा है और स्पेयर पार्ट्स व मेंटेनेंस कंपनियों को भुगतान न होने से सुरक्षा मानकों से समझौता होने का खतरा है। उन्होंने नागरिक उड्डयन मंत्रालय और डीजीसीए से इस मामले में दखल देने की मांग की है। दूसरी ओर, आर्थिक संकट से उबरने के लिए स्पाइसजेट के बोर्ड ने 18 नवंबर को विभिन्न वित्तीय माध्यमों से 5,500 करोड़ रुपए तक जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है, हालांकि यह राशि अभी जुटाई नहीं जा सकी है। पूर्व नागरिक उड्डयन मंत्री सुरेश प्रभु ने भी इस संकट पर चिंता जताते हुए कहा कि विमानन क्षेत्र में यात्रियों को बेहतर सुविधा और उचित किराए के लिए मजबूत प्रतिस्पर्धा जरूरी है, और उड़ान रद्द होने पर यात्रियों को समय पर जानकारी व मदद मिलनी ही चाहिए।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here