अलवर पुलिस का बड़ा एक्शन: 33 लाख के 114 गुमशुदा मोबाइल बरामद, खोए फोन वापस पाकर खिल उठे चेहरे
अलवर, मिशन सच न्यूज : जिले में मोबाइल गुम होने से परेशान लोगों के लिए अलवर पुलिस ने बड़ी और राहत भरी कार्रवाई की है। ऑपरेशन साइबर संग्राम अभियान 3.0 के तहत साइबर सेल और अलवर 4C की टीम ने CEIR पोर्टल की मदद से 114 गुमशुदा मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए हैं। बरामद किए गए इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 33 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने सभी 114 मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को सुपुर्द कर दिए हैं।
उच्च अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी (IPS) ने इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. दीपक कुमार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. प्रियंका के निर्देशन में साइबर सेल, अलवर 4C, वृत्ताधिकारियों और थानाधिकारियों की टीम ने आपसी समन्वय के साथ इस अभियान को सफल बनाया।
लंबे समय से अपने फोन मिलने की उम्मीद लगाए बैठे लोगों के चेहरे उस वक्त खिल उठे, जब पुलिस ने उनके खोए हुए मोबाइल वापस उनके हाथों में सौंपे। पीड़ित लोगों ने अलवर पुलिस की इस त्वरित और सराहनीय कार्रवाई के लिए आभार जताया।
कैसे काम करता है CEIR पोर्टल?
पुलिस के अनुसार, मोबाइल गुम होने के बाद जब पीड़ित CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हैं, तो पुलिस IMEI नंबर के आधार पर फोन को ट्रेस करने की प्रक्रिया शुरू करती है। लोकेशन ट्रेस होते ही संबंधित थाने के माध्यम से मोबाइल को बरामद कर उसके असली मालिक तक पहुंचा दिया जाता है।
अलवर पुलिस की आमजन से अपील
अलवर पुलिस ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी का मोबाइल फोन गुम या चोरी हो जाए, तो घबराएं नहीं और तुरंत नीचे दिए गए माध्यमों पर शिकायत दर्ज कराएं:
आधिकारिक पोर्टल: www.ceir.gov.in
साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन नंबर: 1930
जिला अलवर पुलिस हेल्पलाइन नंबर: 8764874306


